तीन माह पहले अंचल प्रशासन ने दिया था अतिक्रमण हटाने का निर्देश
अलौली : प्रखंड के लोगों को ऐसी उम्मीद नहीं थी कि इस क्षेत्र में भी सड़क अतिक्रमण करने पर प्रशासन इस तरह से जेसीबी से घंटो में भवन को तोड़ कर हटा देगा. उक्त स्थिति शुक्रवार को बथनाहा बरूआ गांव में देख कर अतिक्रणकारियों के बीच भय का माहौल व्याप्त है.
अपने पसीने की कमाई से भवन बनाने वालों को अपना भवन टूटते देख आंखे भर गयीं. उन्हें क्या पता कि प्रशासन इतना सख्त कदम भी उठा लेगा. कई पक्क ी, अर्ध पक्की, खपरैल भवनों एवं फूस के घरों को घंटों में जेसीबी ने तोड़ कर हटा दिया. इस प्रक्रिया को करने में अंचल प्रशासन को लगभग तीन माह का वक्त लगा. कई बार नोटिस भेजा गया. सरकारी अमीन ने पूर्व से चिह्न्ति कर रखा था. पर अतिक्रमणकारी ऐसी उम्मीद भी नहीं किये थे.
प्रखंड में पहली बार प्रशासन ने सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया. अनुमंडल पदाधिकारी सुनील कुमार यादव ने उक्त स्थल का स्वयं निरीक्षण कर एक दिन का वक्त दे रखा था. परंतु अतिक्रमणकारियों पर इसका कोई असर नहीं हो पाया. एसडीएम के दिशा निर्देश पर शुक्रवार को सीओ चौधरी वसंत कुमार सिंह पुलिस प्रशासन के साथ शांतिपूर्ण माहौल में सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराये.
सीओ ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क जो अतिक्रमण से सिकुड़ गयी है एवं सड़कों पर बने ब्रेकर को जल्द ही अभियान चला कर हटाया जायेगा.
ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और अतिक्रमणकारियों के मंसूबों को दबाया जा सके. इससे अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप का माहौल बन गया है. अतिक्रमण हटाओ अभियान में सीओ के साथ राजस्व कर्मचारी कैलाश रजक, अंचल अमीन शशि भूषण यादव, एसआई सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
