खगड़िया में 14 दिनों में डूबने से 12 मौतें, दो बेटों को खोने वाले पिता की अपील- नदी किनारे बेहद सावधानी बरतें

खगड़िया जिले में अक्टूबर के शुरुआती 14 दिनों में 12 लोगों की नदी और गहरे पानी में डूबने से मौत हो चुकी है. एक पिता ने अपने दो बेटों को खोने के बाद लोगों से सावधानी बरतने की मार्मिक अपील की है.

खगड़िया जिले में अक्टूबर के शुरुआती 14 दिनों में नदी और गहरे पानी में डूबने से 12 लोगों की मौत हो चुकी है. गंगा, बूढ़ी गंडक, कोसी समेत दूसरी नदियों और जलजमाव वाले इलाकों में लगातार हादसे हो रहे हैं. एक के बाद एक सामने आ रही इन घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

एक-दूसरे को बचाने में डूबे दो सगे भाई

फोटो-16कैप्सन-घटना स्थल पर लगी लोगों की भीड़. | Prabhat Khabar Network

परबत्ता प्रखंड के भरसो पंचायत के बंधकट्टा के पास सोमवार को नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गयी. तेलिया बथान निवासी इतवारी मंडल के 14 वर्षीय बेटे जयजय कुमार और 15 वर्षीय गोविंद कुमार एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में तेज धार में बह गये.

बताया जाता है कि नहाने के दौरान जयजय अचानक गहरे पानी में चला गया. छोटे भाई को डूबता देख गोविंद उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया. इसी दौरान दोनों तेज धार की चपेट में आ गये और देखते ही देखते पानी में ओझल हो गये.

एक घंटे की खोज के बाद दोनों को निकाला

हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीण और आपदा मित्र नदी में दोनों भाइयों की तलाश में जुट गये. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

एक साथ दो बेटों की मौत से टूट गया परिवार

एक साथ दो बेटों की मौत से इतवारी मंडल का परिवार पूरी तरह टूट गया. गोविंद सबसे बड़े बेटे थे और उन्होंने इसी साल मैट्रिक की परीक्षा पास की थी. वहीं जयजय 9वीं कक्षा में पढ़ता था. माता-पिता को दोनों बेटों से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन नदी में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं.

पिता ने लोगों से की भावुक अपील

दो बेटों को खोने के बाद मृतकों के पिता ने लोगों से नदी और गहरे पानी के पास विशेष सावधानी बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही परिवार को जिंदगी भर का दर्द दे सकती है. खासकर बच्चों और युवाओं को अकेले नदी, पोखर या गहरे पानी में नहीं जाने देना चाहिए.

प्रशासन ने चार-चार लाख का चेक दिया

मृतक के परिजन को चेक सौंपते पदाधिकारी. | Prabhat Khabar Network

प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपदा अनुदान के तहत मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का चेक सौंपा गया. अधिकारियों ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया. प्रशासन की ओर से बाढ़ के दौरान नदी और गहरे पानी में नहीं जाने की लगातार अपील भी की जा रही है.

बाढ़ में डूबने से अब तक 12 लोगों की मौत

  • 3 सितंबर: परबत्ता प्रखंड के दुधैला निवासी 55 वर्षीय जय कुमार की डूबने से मौत हुई.
  • 5 सितंबर: भरतखंड विकास नगर निवासी 57 वर्षीय विलास मुनी की नदी में डूबने से मौत हुई.
  • 10 सितंबर: लगार निवासी छात्र नवनीत कुमार की डूबने से मौत हुई.
  • 10 सितंबर: माड़र उत्तरी पंचायत के बंदेलाल पासवान की डूबने से मौत हुई.
  • 11 सितंबर: चौथम प्रखंड के बंगालिया गांव के एक युवक की नदी में डूबने से मौत हुई.
  • 13 सितंबर: सदर प्रखंड के रहीमपुर उत्तरी पंचायत निवासी देवनन्दन चौधरी की डूबकर मौत हुई.
  • 13 सितंबर: शुंभा पंचायत की एक युवती की नदी में डूबने से मौत हुई.
  • 14 सितंबर: तेलिया बथान निवासी जयजय कुमार की डूबने से मौत हुई.
  • 14 सितंबर: तेलिया बथान निवासी गोपाल कुमार की डूबने से मौत हुई.
  • अन्य घटनाएं: बेलदौर, चौथम और मानसी प्रखंड में भी एक-एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई.

नदी किनारे जाने में सावधानी जरूरी

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए लोगों को नदी, पोखर और गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. बच्चों को अकेले पानी के पास नहीं भेजने और नहाने या दूसरे काम के दौरान गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >