निर्णय . नगर परिषद की बैठक में सभापति सीता कुमारी ने की घोषणा
शहर में स्वच्छता बनाये रखने के लिये नगर परिषद् क्षेत्रान्तर्गत प्रत्येक घरों में 10 एवं 20 लीटर के दो डस्टबीन दिये जाने का निर्णय लिया गया है. जिसमें एक डस्टबीन में सूखा कचड़ा तथा दूसरे में गीला कचड़ा रखा जायेगा. नगर परिषद् के सफाई कर्मी अथवा गाड़ी जाने पर आम जन उसमें कचरा डालेंगे.
खगड़िया : मंगलवार को नगर परिषद् बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी. जिसकी अध्यक्षता नगर सभापति सीता कुमारी ने किया. बैठक में नगर परिषद् क्षेत्रान्तर्गत सबके लिए आवास योजनान्तर्गत लाभ देने पर विचार विमर्श हुआ. जिसमें वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए योग्य लाभुकों की सूची भेजने की स्वीकृति दी गयी. स्वकर निर्धारण पर विचार विमर्श के क्रम में बताया गया कि आंतरिक राजस्व प्रबंधन समिति की बैठक के उपरान्त अगली बैठक में इसकी स्वीकृति दी जायेगी.
मार्गों के निर्धारण के संबंध में आंतरिक राजस्व प्रबंधन समिति की बैठक में निर्णय लिये जाने की स्वीकृति दी गयी. शहर में स्वच्छता बनाये रखने हेतु नगर परिषद् क्षेत्रान्तर्गत प्रत्येक घरों में 10 एवं 20 लीटर के दो डस्टबीन दिये जाने का निर्णय लिया गया है. जिसमें एक डस्टबीन में सूखा कचड़ा तथा दूसरे में गीला कचड़ा रखा जायेगा. नगर परिषद् के सफाई कर्मी अथवा गाड़ी जाने पर आम जन उसमें कचरा डालेंगे.
आंतरिक राजस्व प्रबंधन समिति को निर्देशित किया गया कि डंपिंग ग्राउण्ड के क्रय हेतु प्रस्ताव अगली बोर्ड की बैठक में रखेंगे. नगर परिषद् क्षेत्रान्तर्गत शहीद स्मारकों की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं 15 अगस्त 2017 के अवसर पर माल्यार्पण करने की स्वीकृति दी गयी. सफाई कार्य को दुरुस्त करने के उद्देश्य से 52 हाथ कूड़ा ठेला गाड़ी क्रय करने की स्वीकृति दी गयी. महात्मा गांधी मार्ग में कब्रिस्तान के आगे कुछ लोगों के द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया. प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक को अतिक्रमण हटाने हेतु निर्देश दिया गया. नगर परिषद् क्षेत्र में प्रकाश की व्यवस्था सुदृढ़ किये जाने के उद्देश्य से 60 से 80 वाट एलईडी लाईट 500 अदद क्रय करने, शहर के मुख्य मार्ग बलुआही बस स्टैण्ड से महात्मा गांधी मार्ग, बेंजामीन चौक, राजेन्द्र चौक, स्टेशन रोड होते हुए बखरी बस स्टैण्ड तक 100 पोल सहित एलईडी लाईट क्रय करने की स्वीकृति गयी.
कनीय अभियंता को शहर के अन्दर क्षतिग्रस्त क्रॉस ड्रेनों की मरम्मति, शहर के सभी वार्डों में खराब पड़े एलईडी लाईट को ठीक कराने का निर्देश दिया गया. मौके पर नगर उपसभापति सुनील कुमार पटेल, सदस्य सशक्त स्थायी समिति के चन्द्रशेखर कुमार, आफरीन बेगम, पूनम कुमारी, वार्ड पार्षद जितेन्द्र कुमार, मीना देवी, सविता देवी, नवीन कुमार तुलस्यान, दीपक कुमार, रिंकी देवी, मृदुला साहु, सरोजनी देवी, शिवराज यादव, लूसी खातुन, हेमा भारती, विजय कुमार यादव, अजय कुमार चौधरी, रणवीर कुमार, रूपा कुमारी, बबीता देवी, प्रधान सहायक विकास कुमार, कनीय अभियंता रोशन कुमार, योजना सहायक विजय कुमार, स्थापना सहायक अमरनाथ झा, जितेन्द्र कुमार, संजीव कुमार आदि मौजूद थे.
