अलौली : खगड़िया अलौली मुख्य सड़क पर अंबाघुरन डेरा के बीच ट्रैक्टर पानी में पलट जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. घटना की बुधवार की देर रात की है. मुंगेर घाट पर शव का दाह संस्कार कर गोरियामी पंचायत के संझौती गांव लौटने के दौरान अंबा के समीप चालक के नियंत्रण खो देने के कारण ट्रैक्टर गड्ढे में पलट गयी.
ट्रैक्टर पर सवार संझौती गांव निवासी रासो यादव के पुत्र रामपुकार यादव की मौत घटनास्थल पर हो गयी जबकि दाह संस्कार में भाग लेकर लौट रहे मोरकाही थानाक्षेत्र के मारर गांव निवासी उचित यादव के पुत्र योगेंद्र यादव की हालत चिंताजनक बनी हुई है. पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. ट्रैक्टर पर सवार संझौती गांव निवासी श्रवन यादव, पंकज कुमार, रामबदन यादव, रामसकर यादव, उपेंद्र यादव, मिंटु कुमार आदि लोगों को आंतरिक चोटें आई है. मालूम हो कि संझौती गांव निवासी रुदल यादव की करंट लगने से मौत बीते मंगलवार को हो गयी थी. ग्रामीण व परिजन रुदल का दाहसंस्कार कर मुंगेर से संझौती गांव लौट रहे थे. इसी दौरान उक्त घटना घटी.
