बेलदौर : थाना क्षेत्र के एनएच-107 कैंजरी मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में एक नवविवाहिता की मौत हो गयी. दुर्घटना में मृतका के पति बाइक चालक सहित दो लोग जख्मी हो गये. पति सुखचैन कुमार और सात वर्षीय साले का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है.
दरभंगा जिले के आरोही थाना क्षेत्र के कुशेश्वर स्थान निवासी सुखचैन कुमार (20), पत्नी अनिशा कुमारी व सात वर्षीय साले के साथ बाइक से सहरसा जिले के काशनगर थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव जा रहे थे.
सभी लोगों को अनिशा के मामा की बेटी की शादी में शामिल होना था. इसी दौरान बेलदौर थाना क्षेत्र के कैंजरी गांव में सामने से आ रही एक पिकअप वैन ने बाइक को ठोकर मार दी. इसके कारण बाइक सवार सुखचैन की पत्नी अनिशा कुमारी की मौत घटना स्थल पर हो गयी. दोनों जख्मी को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल में भरती कराया गया. जख्मी सुखचैन के जेब से आधार कार्ड मिलने पर पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गयी. साथ ही घटना स्थल पर काशनगर से दर्जनों लोग पहुंच गये. शादी स्थल मातम में बदल गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घटना स्थल से पिकअप वैन को जब्त कर लिया.
