खगड़िया/चौथम : मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय जागरूकता पखवाड़ा एवं मॉक ड्रील की सफलता के लिये जिला प्रखण्ड सहित विद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथि घोषित कर दी गयी है. विद्यालय सुरक्षा जागरूकता पखवाड़ा एक जुलाई से 15 जुलाई तक चलाया जाएगा.
वहीं 4 जुलाई को पूरे राज्य में विद्यालय जागरूकता दिवस मनाया जायगा. जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेश कुमार साहु ने विभागीय कार्यक्रम की तैयारी को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं विद्यालय प्रधान को पत्र भेज कर अगाह किया है. कार्यक्रम के सफलता के लिये घोषित तिथि 23 जून को जिलास्तरीय प्रशिक्षण, 24 एवं 25 जून को प्रखण्ड स्तरीय प्रशिक्षण दिया जायेगा. वहीं 30 जून से 3 जुलाई तक विद्यालय स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है.
उक्त जिला स्तरीय निर्धारित तिथि को प्रशिक्षु प्रखण्ड के निजी एवं सरकारी दो दो शिक्षक बीइओ, बीआरपी, अग्निशमन पदाधिकारी, प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी, जिला स्तरीय जनप्रतिनिधि प्रशिक्षु प्रशिक्षण में भाग लेगे. वहीं प्रखण्ड स्तरीय प्रशिक्षण में हर विद्यालय के एक एक शिक्षक, बीआरसी मौजूद रहेंगे. वहीं विद्यालय स्तरीय प्रशिक्षण में विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य जीविका दीदी, अभिभावकों को प्रशिक्षण दिया जायेगा.
