– गुप्त सूचना पर आबादपुर पुलिस की कार्रवाई, 20 लीटर शराब बरामद बारसोई प्रखंड के आबादपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 40 बोतल शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. प्रभारी थानाध्यक्ष सत्यनारायण कुमार के नेतृत्व में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के धर्मपुर पंचायत के अनुपनगर गांव में एक युवक द्वारा अवैध शराब की बिक्री की जा रही है. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से हिमालय गोल्ड ब्रांड की कुल 40 बोतल शराब बरामद की गयी. जिसकी कुल मात्रा लगभग 20 लीटर बताई जा रही है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान अनिरुद्ध भट्टाचार्य के रूप में हुई है. जो पश्चिम बंगाल के चांचल थाना क्षेत्र के चांचल गांव निवासी अमल भट्टाचार्य का पुत्र है. प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया. साथ ही क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहने की बात भी कही गयी.
40 बोतल शराब के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
40 बोतल शराब के साथ युवक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
