हसनगंज कोढ़ा प्रखंड के रौतारा थाना क्षेत्र के शेखटोला में पत्नी के वियोग में 31 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी. दो माह पूर्व मृतक की पत्नी गांव के ही एक युवक के साथ फरार हो गई थी. इसी गम में डिप्रेशन में चल रहे मो ताहिर ने गुरुवार देर रात अपने घर में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली. मृतक के तीन मासूम बच्चे हैं. बेंगलुरु में काम के दौरान हुआ प्रेम प्रसंग मृतक के भाई मो सम्राज व मो जाहिद ने बताया कि ताहिर अपने परिवार के साथ बेंगलुरु में काम करता था. वहां सुपरवाइजर मो महताब उर्फ पिंटू, जो गांव का ही रहने वाला था, ताहिर की पत्नी के संपर्क में आया. दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. दो माह पूर्व महताब, पत्नी को घर से जेवरात समेत लेकर फरार हो गया. पत्नी को वापस लाने गया तो मिली फटकार परिजनों के अनुसार, पत्नी के जाने के बाद से ताहिर काफी डिप्रेशन में रहता था. वह अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए कई बार उसके प्रेमी मो महताब उर्फ पिंटू के घर गया, लेकिन वहां से उसे फटकार कर भगा दिया गया. पत्नी के वियोग में गुरुवार देर रात उसने घर में फांसी लगा ली. सुबह दरवाजा खोलने पर मिला शव शुक्रवार सुबह देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो ताहिर का शव फंदे से लटका मिला. घटना की सूचना रौतारा पुलिस को दी गई. थानाध्यक्ष लालसार बिंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया. थानाध्यक्ष लालसार बिंद ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों के लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मृतक के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है.
पत्नी अपने प्रेमी संग हुई फरार, आहत पति ने की आत्महत्या
पत्नी अपने प्रेमी संग हुई फरार, आहत पति ने की आत्महत्या
