नगर निगम के सामने अस्थायी ऑटो स्टैंड में जलजमाव से परेशानी

हल्की बारिश के बाद भी पूरा स्टैंड परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है. जिससे प्रतिदिन यात्रियों व ऑटो चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

कटिहार से रिपोर्ट,

नगर निगम कार्यालय से महज 30 मीटर की दूरी पर स्थित अस्थायी ऑटो स्टैंड इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है. हल्की बारिश के बाद भी पूरा स्टैंड परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है. जिससे प्रतिदिन यात्रियों व ऑटो चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. हैरत की बात यह है कि जिस नगर निगम कार्यालय से शहर की सफाई व्यवस्था और स्वच्छता अभियान की योजनाएं बनाई जाती हैं. उसी के सामने यह बदहाल स्थिति प्रशासनिक दावों की पोल खोल रही है. ऑटो स्टैंड परिसर में चारों ओर जमा गंदा पानी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है. यात्रियों को ऑटो तक पहुंचने के लिए पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है. विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जलजमाव के कारण फिसलने व दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.

संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद कई दिनों तक पानी जमा रहता है. जिससे परिसर में दुर्गंध फैलने लगती है. गंदे पानी से उठने वाली बदबू के कारण आसपास का माहौल खराब हो जाता है. संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है. नगर निगम कार्यालय के सामने ऐसी स्थिति होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. स्टैंड परिसर में लगे चाय, नाश्ता और अन्य खाने-पीने के स्टॉल संचालकों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. जलजमाव और गंदगी के कारण ग्राहक स्टॉल तक पहुंचने से कतराते हैं. जिससे उनकी आय प्रभावित हो रही है. दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. ऑटो चालकों ने भी नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. चालकों का कहना है कि वे नियमित रूप से नगर निगम को टैक्स देते हैं. इसके बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं. ऑटो चालकों ने बताया कि हर बारिश के बाद पूरा स्टैंड जलमग्न हो जाता है. यात्रियों को पानी के बीच से होकर ऑटो तक लाना पड़ता है. इससे यात्रियों के साथ-साथ चालकों को भी भारी परेशानी होती है. चालकों ने मांग की है कि नगर निगम द्वारा तत्काल पंपिंग सेट की व्यवस्था कर जलनिकासी सुनिश्चित की जाए तथा स्थायी रूप से नाला निर्माण और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए. उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं.

नगर निगम दे ध्यान

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को शहर के अन्य हिस्सों के साथ-साथ अपने कार्यालय के आसपास की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए. नगर निगम के सामने स्थित इस ऑटो स्टैंड की बदहाल तस्वीरें शहर की सफाई व्यवस्था और विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं. अब देखना यह है कि नगर निगम इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए कब तक ठोस पहल करता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >