25 हजार का इनामी अपराधी अंकित चौहान गिरफ्तार

देसी पिस्टल, 31 कारतूस के साथ की गिरफ्तारी

मेयर हत्याकांड समेत सात मामलों में था आरोपित

कटिहार. नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी अंकित चौहान को एक देसी पिस्टल और 31 कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है. एसडीपीओ सदर विशाल आनंद ने बताया कि नगर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार को सूचना मिली थी कि ड्राइवर टोला, ग्रीन सोपारा वार्ड-16, संतोषी चौक के पास एक स्कॉर्पियो में सवार अपराधी शहर में बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं. सूचना पर पुलिस बल और तकनीकी टीम ने तुरंत छापेमारी की. पुलिस को देख अपराधी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर अंकित चौहान को पकड़ लिया गया.

गिरफ्तार अंकित चौहान 28 वर्ष, पिता स्व विजय चौहान, ड्राइवर टोला, ग्रीनसोपारा वार्ड-16 का रहने वाला है. तलाशी में उसके पास से लोड देसी पिस्टल, 31 कारतूस, 2 मोबाइल और स्कॉर्पियो बरामद हुए. बरामद सामान को जब्त कर नगर थाना में कांड संख्या-632/26 दर्ज किया गया है. उसके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

सात आपराधिक मामलों में था आरोपित

एसडीपीओ ने बताया कि अंकित चौहान मुफस्सिल थाना कांड संख्या144/25, धीरज साह हत्याकांड में वांछित था. जमीन खरीद-बिक्री विवाद से जुड़े इस कांड में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था. अंकित का लंबा आपराधिक इतिहास है. अंकित नगर थाना कांड 223/21, 152/19, 416/21, 836/22, 192/23, 56/18 और मुफस्सिल थाना कांड 144/25 में आरोपित है. इसमें मेयर हत्याकांड, हत्या की कोशिश, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं. पुलिस अब इसके नेटवर्क और हथियार सप्लाई चेन की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >