– लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर की नारेबाजी बारसोई अपशिष्ट कचरा प्रसंस्करण इकाई निर्माण के विरोध में बुधवार को प्रखंड के बलतर पंचायत अंतर्गत सरलपुर गांव के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया. प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन कारियों का नेतृत्व दीपक चंद्र साह कर रहे थे. इस संबंध में दीपक चंद्र साह, शकुंतला देवी, मिनती देवी ने कहा कि पहले से ही पंचायत में अपशिष्ट कचरा प्रसंस्करण इकाई का भवन बना हुआ है. जहां पूरे पंचायत का कचरा इसी भवन में रखें जाते हैं. जो खाली स्थान था अब उसमें भी अंचल पदाधिकारी ने नगर पंचायत बारसोई का अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई निर्माण के लिए जगह चिन्हित किया है. जो पूरी तरह से गलत हैं. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का गले सड़े अपशिष्ट यहां लाकर फेंका जायेगा. जिससे अनेक बीमारिया फैलेगी तथा गंध से जीना दूभर हो जायेगा. इसलिए उक्त निर्माण कार्य में रोक लगाने की मांग की है. इसके लिए अन्यत्र जगह चिन्हित करने को कहा है. इस संबंध में बलतर पंचायत के मुखिया गुफराना प्रवीन ने कहा कि पहले उक्त स्थान मे जीविका के लिए भवन बनाने का प्रस्ताव लिया जा चुका है. इसलिए इस स्थान पर अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई बनाया जाना किसी भी दृष्टिकोण से सही नहीं हैं. कहा कि अगल बगल में घनी आबादी हैं. इस कारण अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई बनने से लोगों को काफ़ी परेशानी होगी. इस संबंध में अंचल पदाधिकारी श्याम सुंदर साह ने कहा कि अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई बनाने के लिए नगर कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा पत्र प्राप्ति के आलोक में बिहार सरकार की जगह को चिन्हित किया गया है. इससे किसी को कोई परेशानी नहीं होना चाहिए. प्रदर्शनकारी में तितली देवी, मिनु देवी आदि दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
