फलका के कामिल टोला की सड़क बदहाल, गड्ढों और जलजमाव से ग्रामीण परेशान, आंदोलन की चेतावनी

फलका प्रखंड के कामिल टोला में बारिश के कारण ग्रामीण सड़क की हालत बेहद खराब है. गड्ढों और जलजमाव से आवागमन मुश्किल हो गया है. ग्रामीण प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की मांग कर रहे हैं, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है.

Katihar Road Problem: फलका (कटिहार). प्रखंड के सालेहपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-7 स्थित कामिल टोला में कैयूम के घर से छोटी कब्रिस्तान तक जाने वाली ग्रामीण सड़क बारिश के कारण बदहाल हो गई है. सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलजमाव होने से आवागमन जोखिम भरा बन गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है.

गड्ढों और कीचड़ से बढ़ी मुश्किलें

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि यह पहचानना मुश्किल हो रहा है कि सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क. लगातार बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और पानी भर गया है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है.

स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी

यह सड़क कामिल टोला के लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से ग्रामीण मुख्य सड़क, छोटी कब्रिस्तान, खेतों और आसपास के टोले तक आते-जाते हैं. सड़क खराब होने से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं.

हर साल बरसात में बनती है यही स्थिति

स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष बरसात के मौसम में सड़क की यही स्थिति हो जाती है. बारिश के दौरान छोटे वाहन भी इस मार्ग से गुजरने से कतराते हैं. जलजमाव और गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है.

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत और निर्माण की मांग को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. उनका कहना है कि केवल आश्वासन मिलते रहे, जबकि समस्या जस की तस बनी हुई है.

आंदोलन की दी चेतावनी

Katihar Road Problem: ग्रामीणों ने स्थानीय मुखिया और प्रशासन से शीघ्र सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो बरसात के दौरान आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाएगा. साथ ही किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अली अहमद

अली अहमद प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. फलका (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >