Har Ghar Tiranga: कटिहार. राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर देशप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से महाकाल सेना की ओर से हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया गया. अभियान की शुरुआत ब्रह्मचारी गांव स्थित हनुमान मंदिर परिसर में तिरंगा ध्वज लगाकर और ग्रामीणों के बीच राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर की गई.
ब्रह्मचारी गांव में घर-घर लगाया गया तिरंगा
अभियान के दौरान महाकाल सेना के सदस्यों ने ब्रह्मचारी गांव के विभिन्न घरों में ससम्मान तिरंगा झंडा लगाया. सदस्यों ने ग्रामीणों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की.
दुकानों और प्रतिष्ठानों में भी बांटे गए झंडे
ब्रह्मचारी गांव से निकली तिरंगा यात्रा हाजी कलीमुद्दीन चौक पहुंची, जिसे स्थानीय लोग लेला चौक के नाम से भी जानते हैं. यात्रा के दौरान मार्ग में आने वाली दुकानों, प्रतिष्ठानों और घरों में तिरंगा वितरित किया गया. लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ इसे अपने परिसरों पर लगाने के लिए प्रेरित किया गया.
भारत माता की जय के नारों से गूंजा क्षेत्र
हाजी कलीमुद्दीन चौक पर अभियान के समापन के दौरान वंदे मातरम और भारत माता की जय के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए.
'तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक'
महाकाल सेना के अध्यक्ष शिवानंद उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि वंदे मातरम और भारत माता की जय का जयघोष करना प्रत्येक भारतीय की सामाजिक एवं मौलिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. राष्ट्रप्रेम की भावना नई पीढ़ी को मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित करती है.
कई सदस्य रहे मौजूद
Har Ghar Tiranga: अभियान में महाकाल सेना के राजीव, उत्तम, अजय कुमार, संतोष कुमार, संजय झा, संजय सिंह, मनोहर मुंडा सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
