अमदाबाद. थाना क्षेत्र के बलरामपुर गांव स्थित सेंट्रल बैंक के समीप वाहन चेकिंग के दौरान 45.920 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन महिला तस्करों को अमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर बलरामपुर गांव में स्थित सेंट्रल बैंक के समीप से वाहन चेकिंग कर विदेशी शराब के साथ शराब तस्कर तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि पुअनि सुनील कुमार सिंह, पुअनि उमेश कुमार सिंह, पुअनि भोला कुमार, पीएसआई जैकी कुमार, महिला व पुरुष शस्त्र बल के साथ थाना क्षेत्र के बलरामपुर स्थित सेंट्रल बैंक के समीप मनिहारी- अमदाबाद मुख्य सड़क पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर एक ई-रिक्शा पर सवार तीन महिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि महिला शराब तस्कर प्रमिला देवी मनिहारी थाना क्षेत्र के दिलारपुर, अनीता देवी मनिहारी थाना क्षेत्र के कुतुबपुर सीज टोला, बिरमा देवी सहायक थाना कटिहार तेजा टोला विद्यानगर निवासी है. उन्होंने बताया कि प्रमिला देवी के पास से 24.500 लीटर, बिरमा देवी के पास से 17 लीटर, अनीता देवी के पास से 4.320 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी है. शराब की कुल मात्रा 45 लीटर 920 एमएल है. उन्होंने बताया कि प्रतिमा देवी एवं बिरमा देवी के पास से एक-एक मोबाइल जब्त की गयी है. शराब के साथ गिरफ्तार महिलाओं पर मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मौके पर अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम, पुअनि रुद्रदेव कुमार ठाकुर सहित अन्य पुलिस बल मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
