डंडखोरा थाना क्षेत्र की रायपुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय कला पररिया में चोरी की घटना सामने आयी है. गर्मी की छुट्टियों के कारण विद्यालय बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने विद्यालय भवन को निशाना बनाया और चार कमरों का ताला तोड़कर वहां लगे विद्युत उपकरणों की चोरी कर ली. घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है. जानकारी के अनुसार विद्यालय में छुट्टियों के चलते नियमित गतिविधियां बंद थीं. इसी दौरान अज्ञात चोर विद्यालय परिसर में प्रवेश कर गये और एक-एक कर चार कमरों के ताले तोड़ दिये. चोरों ने कमरों में लगे कुल आठ पंखे और 20 बल्ब खोलकर अपने साथ ले गये. घटना की जानकारी तब हुई, जब स्थानीय ग्रामीणों की नजर टूटे हुए तालों और बिखरे सामान पर पड़ी. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना विद्यालय के प्रधानाध्यापक धीरज कुमार साह को दी. सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक विद्यालय पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया. जांच के दौरान चार कमरों के ताले टूटे मिले तथा विद्यालय से आठ पंखे और 20 बल्ब गायब पाये गये. प्रधानाध्यापक धीरज कुमार साह ने बताया कि विद्यालय की सरकारी संपत्ति की चोरी की गयी है. जिससे विद्यालय को आर्थिक क्षति पहुंची है. उन्होंने उन्होंने बताया कि डंडखोरा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही चोरी गये सामान की बरामदगी की भी अपील की है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जतायी है. ग्रामीणों का कहना है कि छुट्टियों के दौरान विद्यालयों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व आसानी से ऐसी घटनाओं को अंजाम दे देते हैं. लोगों ने प्रशासन से विद्यालय परिसरों की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. वहीं पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.