हसनगंज में रामनवमी के अवसर पर निकली गई भव्य शोभायात्रा हसनगंज प्रखंड में रामनवमी के अवसर पर राम-जन सेवा समिति व राम-जानकी सेवा समिति हसनगंज की अगुवाई में शनिवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई. विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल व अन्य संगठनों का भी सहयोग रहा. शोभायात्रा हसनगंज दुर्गा मंदिर में नमन कर प्रखंड मुख्यालय सामने क्रीडा मैदान में इकट्ठा होकर लाइनबद्ध रामनगरबंशी, रामपुर, सरदाही के रास्ते पोखरिया, कालीगंज, छोटकी रटनी, बलुआ, पीपरा, महमदिया, कालसर राजा सड़क, बबैया चौक, हसनगंज बाजार होते हुए कोरगामा गांव प्रखंड प्रमुख नीलू देवी के आवास पर महाप्रसाद ग्रहण करते हुए शोभायात्रा समाप्त हुई. शोभायात्रा दौरान हजारों युवाओं ने अपने हाथ में झंडा लिए जय श्रीराम के नारा को बुलंद किया. अपने आराध्य देव श्री राम के नारे लगाते हुए युवा वर्ग शोभायात्रा में आगे बढ़ते नजर आए. राम-जन सेवा समिति के अध्यक्ष चंदन सोनी, प्रशांत झा व राम-जानकी सेवा समिति के कृष्णा सिंह राजपूत सहित समाजसेवी गौतम कुमार, अमन कुमार महतो, उत्तम भगत व भाजपा नेता राजकुमार मंडल, मुकेश श्रीवास्तव, शोसल सिंह, महेंद्र मंडल, रवि कुमार साह, अशोक गुप्ता, पप्पू मंडल, संजीव सिंह आदि ने बताया कि इस बार सरकार द्वारा दिए गए गाइडलाइंस का अनुपालन करते हुए बिना डिजे, हथियार के ही शोभायात्रा निकाली गई है. जिसमें हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया है. शोभायात्रा के माध्यम से लोगों को शांति व भाईचारा का संदेश दिया गया. बताया शोभायात्रा के माध्यम से लोगों को एकता व भाईचारा का पाठ पढ़ाया गया. साथ ही शोभायात्रा दौरान फिरदौस कैरियर क्लासेस के डायरेक्टर फिरदोश आलम ने हिंदू मुस्लिम की अनूठी मिसाल पेश करते हुए शोभायात्रा में शामिल राम भक्तों के लिए पानी शरबत बिस्कुट आदि की व्यवस्था की. साथ ही जगह-जगह गणमान्य युवाओं ने भी शीतल पेय जल की भी व्यवस्था की थी. मौके पर शोभायात्रा में पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम सह सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद व विधान पार्षद अशोक अग्रवाल ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से गांव में शांति एकता और भाईचारा बढ़ता है. साथ ही लोगों में ईश्वर के प्रति आस्था जुड़ी रहती है. वहीं शोभायात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हसनगंज थानाध्यक्ष निक्की अपने पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहीं. साथ ही पुरे पुलिस बल संपूर्ण शोभा यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी चुस्त दुरुस्त दिखे. साथ ही सीओ कृष्ण मोहन कुमार, जनप्रतिनिधि गण सहित गणमान्य लोगों के मार्गदर्शन में शांतिपूर्ण माहौल में शोभायात्रा संपन्न कराया गया. इस अवसर पर हजारों की संख्या में युवा वर्ग मौजूद रहे.
श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हुआ हसनगंज का इलाका
श्री राम के जयकारों से गुंजायमान हुआ हसनगंज का इलाका
