सुविधा, सदर अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर का शुभारंभ

सुविधा, सदर अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर का शुभारंभ

मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत कटिहार जिले के कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. सदर अस्पताल में सोमवार को डे केयर कैंसर सेंटर का शुभारंभ किया गया. सेंटर का उद्घाटन अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ आशा शरण व गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ आर सुमन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. अस्पताल प्रबंधक चंदन कुमार सिंह, कई चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं कर्मचारी मौजूद रहे. डे केयर कैंसर सेंटर के खुलने से अब कैंसर मरीजों को इलाज के लिए बाहर के बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. यहां मरीजों को कीमोथेरेपी सहित अन्य आवश्यक उपचार दिन में ही उपलब्ध कराये जायेंगे. इलाज के बाद मरीज अपने घर लौट सकेंगे. इससे न केवल मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी बल्कि समय और मानसिक तनाव से भी निजात मिलेगी. उद्घाटन के दौरान उपाधीक्षक डॉ आशा शरण ने कहा कि सदर अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर की शुरुआत जिले के स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है. कैंसर जैसे गंभीर रोग के इलाज के लिए अब स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी. गरीब और जरूरतमंद मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा. अस्पताल प्रशासन का प्रयास है कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज सुलभ हो सके, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ आर सुमन ने कहा कि कैंसर एक गैर संचारी लेकिन तेजी से बढ़ने वाली बीमारी है. समय पर जांच व उपचार से इसे काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है. डे केयर कैंसर सेंटर में प्रशिक्षित डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की तैनाती की गई है. ताकि मरीजों को सुरक्षित और बेहतर उपचार मिल सके. भविष्य में यहां सुविधाओं का और विस्तार किया जायेगा. सेंटर में कीमोथेरेपी, दवाइयों की निगरानी, नर्सिंग केयर और फॉलोअप जैसी सेवाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को काफी सहूलियत होगी. उद्घाटन के मौके पर उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया. कुल मिलाकर, कटिहार सदर अस्पताल में डे केयर कैंसर सेंटर का खुलना कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए एक नई उम्मीद के रूप में देखा जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >