कटिहार में छात्रों के लिए बड़ी पहल: 49 संस्थानों में लगेगा 'विद्यार्थी सहयोग शिविर'; स्कॉलरशिप, हॉस्टल और पानी-बिजली की समस्याओं का तुरंत होगा समाधान

जिला प्रशासन कटिहार में विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक अनूठी पहल कर रहा है। अब हर माह के चौथे मंगलवार को 49 शैक्षणिक संस्थानों में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में छात्रों की शिक्षा, छात्रवृत्ति, हॉस्टल, और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को सुना जाएगा और उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

कटिहार जिले में विद्यार्थियों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा. जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को जिले के 49 शैक्षणिक संस्थानों में शिविर लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. डिग्री कॉलेज, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, विभिन्न आवासीय विद्यालय, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, एएनएम, जीएनएम और पारा मेडिकल संस्थानों में विद्यार्थियों की समस्याएं सुनी जाएंगी. शिकायतों को पंजीकृत कर विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा.

49 शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित होगा शिविर

सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के आलोक में प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. इसी क्रम में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सोमवार को विकास भवन सभागार में पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के साथ बैठक कर शिविर की तैयारियों और विधि व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए. शिविर जिले के सभी डिग्री कॉलेजों, आवासीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में लगाया जाएगा. इसके अलावा आईटीआई, पॉलिटेक्निक, एएनएम, जीएनएम, पारा मेडिकल और अन्य महाविद्यालय भी इसके दायरे में होंगे.

शिक्षा से लेकर छात्रावास और बुनियादी सुविधाओं की शिकायतें होंगी दर्ज

डीएम ने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के साथ छात्रावास, छात्रवृत्ति, प्रमाण-पत्र और अध्ययन संस्थान की आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को सुनना है.

विद्यार्थी पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, भोजन, सुरक्षा, परिवहन सहित अन्य समस्याएं भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे. प्रशासन का लक्ष्य इन शिकायतों का यथासंभव त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है.

शिकायतें विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर होंगी अपलोड

डीएम ने बताया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को पंजीकृत किया जाएगा. इसके बाद संबंधित मामलों को विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर अपलोड कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिया कि शिविर व्यवस्थित तरीके से आयोजित हो और विद्यार्थियों की शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.

संबंधित विभागों के अधिकारी भी रहेंगे मौजूद

सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा तकनीकी विभागों के पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में आयोजित शिविर में विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, भवन प्रमंडल और लोक स्वास्थ्य प्रमंडल से जुड़े अधिकारी भी शिविर में मौजूद रहेंगे, ताकि उनके विभाग से संबंधित शिकायतों का मौके पर ही समाधान शुरू किया जा सके.

शिविर में पुलिस रहेगी सक्रिय: एसपी

पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने विद्यार्थी सहयोग शिविर के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि सभी शिविरों में दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी प्रकार की विधि व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो.

विद्यार्थियों से सक्रिय भागीदारी की अपील

जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपने-अपने संस्थानों में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है. विद्यार्थियों से कहा गया है कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों को खुलकर संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित और प्रभावी समाधान कराया जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सूरज कुमार गुप्ता

सूरज कुमार गुप्ता पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया में एक्टिव है. वर्ष 2000 में पत्रकारिता की शुरुआत की. राजनीतिक व सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारिता करना इनकी रुचि में शामिल है. सामाजिक कार्यो में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2007 में इन्हें भारत सरकार की ओर से तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया था.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >