एंबुलेंस कर्मचारियों के पांचवें दिन भी हड़ताल रही जारी, मरीजों की बढ़ रही परेशानी

एंबुलेंस कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के बाद एजेंसी जैन प्लस के द्वारा कर्मचारियों को हड़ताल समाप्त करने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है.

कटिहार. एंबुलेंस कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के बाद एजेंसी जैन प्लस के द्वारा कर्मचारियों को हड़ताल समाप्त करने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है. इसको लेकर एजेंसी के द्वारा जिले के कई चालक व ईएमटी को टर्मिनेट करने जैसे लेटर तथा कंपनी में एंबुलेंस की चाबी जमा करने को लेकर लेटर भेजा गया है. हालांकि एंबुलेंस कर्मचारी कंपनी के दबाव में न आकर अपनी मांगों के समर्थन में मंगलवार को पांचवें दिन भी हड़ताल पर बैठे रहे. अपनी मांगों के समर्थन में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद करते हुए साफ तौर पर कहा कि हम किसी के दबाव में नहीं आने वाले हैं. इस बार की लड़ाई आर या पार की होगी. हमारी मांगों को लेकर कोई पहल हो, नहीं तो हड़ताल ऐसे ही जारी रहेगी. 102 एंबुलेंस कर्मियों के हड़ताल पर से इसका सीधा असर गरीब मरीजों पर पड़ता साफ दिख रहा है. सरकारी एंबुलेंस नहीं मिलने से गरीब मरीज निजी एंबुलेंस का सहारा लेने के लिए मजबूर हैं, जो उनके लिए काफी दुखदाई है. खासकर गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है. एंबुलेंस के अभाव में उन्हें टोटो से सदर अस्पताल प्रसव के लिए पहुंचना पड़ रहा है. इससे उनकी पीड़ा और बढ़ गयी है. पांचवें दिन भी एंबुलेंस कर्मियों का साथ दे रहे 102 एंबुलेंस कर्मचारी संघ के संरक्षक सह भाजपा मजदूर नेता विकास सिंह ने कहा कि सरकार ने एंबुलेंस संचालक को लेकर ऐसे एजेंसी के हाथों कार्यभार सौंपा है, जो एकदम सही नहीं है. संरक्षक सिंह ने कहा की जब से जैन प्लस नामक एजेंसी 102 का संचालन कर रही है, कर्मचारियों का जीना दुभर कर दिया है. एजेंसी के द्वारा आठ घंटे के बदला 12 घंटे कार्य कराया जाता है और वेतन 10 हजार 400 रुपये ही दिया जाता है. श्री सिंह ने आश्चर्यजनक व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे बिहार में सबसे कम मजदूरी और सबसे ज्यादा काम करने के बावजूद भी कोई सुध लेने वाला नहीं है. धरना स्थल पर कर्मचारियों की हौसला अफजाई करने के लिए जदयू के जिला महासचिव सुनील कुमार सिंह, करणी सेना जिला अध्यक्ष सत्यम समदर्शी, पूरन महतो मोहनलाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे. इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष अमर सिंह, सचिव अब्दुल मतीन, कोषाध्यक्ष मणिकांत झा व सभी चालक, ईएमटी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >