देश के कई शहरों से गिरोह के जुड़े होने की बातें आ रहीं सामने प्रतिनिधि, कोढ़ा (कटिहार) बिहार एसटीएफ व उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कटिहार जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल फोन के मदरबोर्ड खरीदकर बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान रौतारा थाना क्षेत्र के इस्तार आलम के रूप में हुई है. आरोप है चोरी के मोबाइल के मदर बोर्ड के जरिये भारतीय मोबाइल यूजर के डेटा विदेशों में भेजे जा रहे थे. बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लालगंज (उत्तर प्रदेश) थाना कांड संख्या 95/26 में वांछित अभियुक्त इस्तार आलम को कटिहार के रौतारा स्थित उसकी मोबाइल भंगार दुकान से गिरफ्तार किया. उत्तर प्रदेश पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी. पूछताछ में आरोपित ने कई चौकाने वाले खुलासे किए. उसने बताया कि उसके सहयोगी फेरीवाले बनकर हैदराबाद, तमिलनाडु और दिल्ली जैसे बड़े शहरों से पुराने कीपैड और एंड्रॉयड मोबाइल खरीदते थे. इसके बाद मोबाइल को तोड़कर उसका मदरबोर्ड अलग कर दूसरे फेरीवाले को बेच देते थे. पुलिस के अनुसार यह मदरबोर्ड आगे विदेशों तक पहुंचाए जाते थे. आशंका है कि इस प्रक्रिया के जरिए भारतीय मोबाइल उपयोगकर्ताओं के डेटा की चोरी कर विदेशी संस्थाओं तक पहुंचाया जा रहा था, जो सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है. बिहार एसटीएफ ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है.
मोबाइल डेटा विदेश भेजने के आरोप में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार
मोबाइल डेटा विदेश भेजने के आरोप में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, एक गिरफ्तार
