कटिहार शब-ए-बारात मंगलवार को मनाया जायेगा. इसको लेकर कटिहार शहर के बड़ी ईदगाह ललियाही एवं रामपाड़ा ईदगाह में तैयारियां जोरों पर रही. दोनों ही ईदगाह परिसरों में साफ-सफाई, रोशनी और आवागमन की बेहतर व्यवस्था की गई है. शब-ए-बारात को रहमत, मगफिरत, इबादत और बड़ी फजीलत की रात माना जाता है. मुस्लिम धर्मावलंबी पूरी रात जागकर नमाज अदा करते हैं. कुरआन की तिलावत करते हैं. अपने गुनाहों की माफी के लिए अल्लाह से दुआ मांगते हैं. अपने पुरखों की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ते हैं. उनके लिए मगफिरत की दुआ करते हैं. ईदगाह कमेटी की ओर से शब-ए-बारात को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं. सोमवार को शब ए बारात को लेकर बड़ी ईदगाह ललियाही में तैयारियां युद्ध स्तर पर रही. नगर निगम से भी सफाई को लेकर पुख्ता इंतजाम रहा. बड़ी ईदगाह ललियाही के सचिव मिस्टर ने बताया कि ईदगाह में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. लोगों को कब्रों तक जाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए चारों ओर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था की गई है. कब्रों तक पहुंचने वाले रास्तों को समतल कर दिया गया है. मंगलवार की रात ईदगाह परिसर में तकरीर का भी आयोजन किया जायेगा. मौलाना द्वारा शब-ए-बारात की अहमियत पर रोशनी डाली जायेगी. उपमेयर मंजूर खान ने बताया कि नगर निगम की ओर से पांच स्थानों पर साफ सफाई का कार्य पूरा किया गया है. ईदगाह में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसको लेकर नगर निगम पुख्ता इंतजाम किया है. तैयारी में कोषाध्यक्ष रमजानी अंसारी, अब्दुल खालिद, जाहिद आदि लगे हुए रहे.
शब-ए-बारात आज, ललियाही व रामपाड़ा ईदगाह में तैयारी पूरी
शब-ए-बारात आज, ललियाही व रामपाड़ा ईदगाह में तैयारी पूरी
