कटिहार. मुंगेर के तर्ज पर कटिहार के पोठिया थाना क्षेत्र में संचालित कथित मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने उद्भेदन किया है. पुलिस ने सतबेहरी चांदपुर बहियार में केले के खेत की आड़ में बनी झोपड़ी से एक पिस्टल, एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, बैरल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं. कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो आरोपी मुंगेर के रहने वाले हैं. पुलिस के अनुसार, मुंगेर के दोनों आरोपी यहां के लोगों को हथियार बनाने का प्रशिक्षण दे रहे थे.
गुप्त सूचना पर एसपी को दी गयी जानकारी
सदर एसडीपीओ-1 विशाल आनंद ने गुरुवार देर शाम अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार को सूचना मिली थी कि सतबेहरी चांदपुर बहियार स्थित महंथ बाबा स्थान के समीप केले के खेत की आड़ में बनी एक झोपड़ी में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री संचालित की जा रही है. सूचना से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया.
विशेष टीम ने छापेमारी कर तीन लोगों को पकड़ा
एसपी के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर महंथ बाबा स्थान के समीप छापेमारी की.
पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही तीन लोग भागने लगे. पुलिस बल के सहयोग से तीनों को पकड़ लिया गया. पूछताछ में उनकी पहचान रफीक आलम, उम्र 30 वर्ष, पिता जैनुल आलम, निवासी सतबेहरी चांदपुर, थाना पोठिया तथा फिरोज, उम्र 35 वर्ष, पिता स्व. तशलीन और वजीर, उम्र 44 वर्ष, पिता स्व. एनुल, दोनों निवासी मिर्जापुर बरधा, थाना मुफ्फसिल, जिला मुंगेर के रूप में हुई. तीनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया.
मुंगेर कनेक्शन की पुलिस कर रही जांच
पुलिस की कार्रवाई में मुंगेर निवासी दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मिनी गन फैक्ट्री के संचालन में उनके कथित प्रशिक्षण और भूमिका को लेकर जांच तेज हो गयी है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि मुंगेर के दोनों आरोपी यहां हथियार बनाने का प्रशिक्षण दे रहे थे.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मिनी गन फैक्ट्री कब से संचालित थी और इससे कितने लोग जुड़े हुए थे. हथियारों की सप्लाई और खरीदारों के संबंध में भी जांच की जा रही है.
केले के खेत की आड़ में बनी झोपड़ी से हथियार बरामद
छापेमारी के बाद पुलिस ने झोपड़ी की विधिवत तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, एक पिस्टल, एक बैरल, दो मैगजीन और 7.65 एमएम के छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
इसके अलावा दो अर्द्धनिर्मित मैगजीन, दो गैस कटिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, तीन मोबाइल फोन तथा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण और लोहे के सामान भी बरामद किए गए.
पोठिया थाना में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मामले में पोठिया थाना कांड संख्या 233/26 दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ पुलिस मिनी गन फैक्ट्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. बरामद हथियारों और उपकरणों के स्रोत तथा इनके इस्तेमाल और सप्लाई से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
हथियार निर्माण के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस अब इस कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए हथियार निर्माण के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. विशेष रूप से मुंगेर से जुड़े कथित संपर्क, हथियार बनाने का प्रशिक्षण लेने वाले लोगों और तैयार हथियारों की संभावित सप्लाई के बारे में जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है.
