कटिहार सीमांचल में शेरशाहवादी समुदाय को बांग्लादेशी बताने वाले बयान पर बिहार की राजनीति गरमा गई है. कटिहार सांसद तारिक अनवर ने इसे सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा बताते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जदयू विधायक गोपाल अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. समाज में नफरत फैलाने वाला बयान कटिहार स्थित अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान सांसद तारिक अनवर ने कहा कि इस तरह की बयानबाजी सामाजिक तनाव और नफरत फैलाने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि शेरशाहवादी मुस्लिम समुदाय वर्षों से कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज समेत सीमांचल के कई जिलों में रह रहा है. क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. सांसद ने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार पहले ही इस समुदाय को ईबीसी और ओबीसी श्रेणी में शामिल कर चुकी है. ऐसे में उन्हें बांग्लादेशी कहना बेहद आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले इस बयान को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विधायक के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाय. ताकि समाज में गलत संदेश न जाए. केंद्र की विदेश नीति पर भी साधा निशाना प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि केंद्र की विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है. विदेश दौरों पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय जनता के असली मुद्दों की चर्चा नहीं होती, लेकिन बाद में विदेश यात्राओं और बड़े-बड़े दावों की राजनीति शुरू हो जाती है. गौशाला ओवरब्रिज की धीमी गति पर जताई नाराजगी सांसद ने कटिहार के स्थानीय मुद्दे भी उठाया. गौशाला ओवरब्रिज निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस मामले को लेकर जल्द ही संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात कर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग करेंगे. मौके पर सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव, किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप विश्वास, जहांगीर सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे.
बांग्लादेशी बयान पर सियासत गरमाई, सांसद ने सीएम को लिखा पत्र
बांग्लादेशी बयान पर सियासत गरमाई, सांसद ने सीएम को लिखा पत्र
