मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा करने की होगी व्यवस्था
कटिहार. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों के साथ एनआइसी सभागार में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन की घोषणा के उपरांत बैठक की गयी. बैठक में डीएम ने जानकारी दी कि विधानसभा आम निर्वाचन अंतर्गत प्रेस नोट जारी होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता अंतर्गत निहित प्रावधान पूर्णतः प्रभावी हो गया है, जिनका अक्षरशः अनुपालन किया जाना अनिवार्य व अपेक्षित है. इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता अंतर्गत क्या करे व क्या न करे के संबंध में पूरी जानकारी दी गयी. साथ ही साथ व्यय लेखा एवं एकल खिड़की की व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रदान की गयी एवं भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त अद्यतन निर्देश जो इस निर्वाचन में प्रथम वार उपयोग होना है, उसकी भी जानकारी दी गयी.मतदान केंद्रों पर की जायेगी वेब कास्टिंग की व्यवस्था
राजनीतिक दल के प्रतिनिधियों को डीएम ने बताया कि पीठासीन पदाधिकारी द्वारा ईसीआई नेट एप पर मतदान प्रतिशत की प्रविष्टि करेंगे तथा मतदान केंद्र छोड़ने से पूर्व मतदान समाप्ति से संबंधित आंकड़े निश्चित रूप से इसी एप पर प्रविष्ट करेंगे ईवीएम के बैलेट पेपर में इस बार अभ्यर्थियों के नाम के साथ अभ्यर्थियों का रंगीन छायाचित्र रहेगा. मतदान केंद्र पर मतदाताओं को मोबाइल जमा किये जाने की सुविधा प्रदान की जायेगी. मतदान केंद्रों से कम से कम 100 मीटर की दूरी में किसी अभ्यर्थी या राजनैतिक दलों का कार्यालय अवस्थित न हो. पोस्टल बैलेट की मतगणना सम्पन्न होने से पूर्व ईवीएम के मतों की गणना का अंतिम दो चक्र सम्पन्न नहीं किया जायेगा. डीएम ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के अवसर पर शत-प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग किया जाना है. पीठासीन पदाधिकारी द्वारा सभी पोलिंग एजेंट को प्रपत्र- 17 सी उपलब्ध कराया जाना एवं उसकी पावती लिया जाना है. डीएम ने यह भी बताया कि 17 सी एवं ईवीएम के मतों की संख्या समान नहीं हो, तो वैसे सभी मतदान केंद्रों के वीवीपैट की पर्ची की गणना की जायेगी. इस अवसर जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
