कटिहार के डंडखोरा से संजय सिंह की रिपोर्ट
कटिहार जिले के डंडखोरा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो वायरल करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों में हड़कंप मच गया है.
गश्ती के दौरान मिली सूचना, मौके से दबोचा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई की शाम गश्ती के दौरान सूचना मिली कि जलेबिया मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक घूम रहा है. सूचना मिलते ही डंडखोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया.
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रदीप दास (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय जीरू दास, निवासी शंकरपुरा, थाना डंडखोरा, जिला कटिहार के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी हथियार वाली तस्वीर
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी की हथियार के साथ तस्वीर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी. पुलिस ने वायरल फोटो का संज्ञान लेते हुए पहले उसका सत्यापन किया और फिर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया.
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट करने वालों पर पुलिस की लगातार नजर है. ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने लोगों से की यह अपील
- अवैध हथियार रखने या उसका प्रदर्शन करने से बचें.
- सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो या वीडियो साझा न करें.
- किसी के पास अवैध हथियार होने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
- कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें : 7.50 लाख में हुआ एग्रीमेंट, फिर दूसरे पक्ष को बेच दी जमीन : भूमि विवाद पहुंचा थाना
