विघोर हाट-कचना मुख्य मार्ग की बदहाली से लोग त्रस्त

विघोर हाट-कचना मुख्य मार्ग की बदहाली से लोग त्रस्त

बारसोई प्रखंड के कचना थाना क्षेत्र के विघोर हाट से कचना थाना होते हुए कचना को जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों पूरी तरह बदहाल हो चुकी है. सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि यह पक्की सड़क कम और कच्चे दलदली रास्ते जैसी अधिक नजर आ रही है. जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में पानी जमा रहने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या विकराल रूप ले लेती है. सड़क पर बने गड्ढों के कारण बाइक, ई-रिक्शा एवं छोटे वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को उठानी पड़ रही है. कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग विघोर हाट, आसपास के गांवों तथा कचना थाना को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. लेकिन वर्षों से इसकी मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है. सड़क की खराब स्थिति के कारण व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है. लोगों को आवागमन में अतिरिक्त समय लग रहा है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जायेगा. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत एवं पक्कीकरण कराने की मांग की है. ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >