बारसोई अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टर नहीं रहने से परेशान हुए मरीज

ड्यूटी के दौरान दो चिकित्सकों के अनुपस्थित रहने की शिकायत पर विधायक प्रतिनिधि पहुंचे अस्पताल

जनप्रतिनिधि ने स्वास्थ्य विभाग से की शिकायत

बारसोई. अनुमंडलीय अस्पताल बारसोई में रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गयी. जब ड्यूटी के दौरान दो चिकित्सकों के अनुपस्थित रहने की शिकायत पर विधायक प्रतिनिधि अस्पताल पहुंच गये. इस दौरान घायल मरीजों और उनके परिजनों ने चिकित्सकों की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी जतायी. इसके बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा.

ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक नहीं मिले, मरीज करते रहे इंतजार

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे नलसर पंचायत से एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. मरीज खून से लथपथ था, लेकिन अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक मौजूद नहीं थे. मरीज और उसके परिजन करीब एक घंटे तक डॉक्टर का इंतजार करते रहे. लेकिन कोई चिकित्सक नहीं पहुंचे. इसी दौरान बलतर पंचायत निवासी मसूद इकबाल अपने बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने देखा कि अस्पताल में ड्यूटी के समय डॉक्टर मौजूद नहीं हैं. इसकी सूचना उन्होंने तत्काल स्थानीय विधायक प्रतिनिधि राजेश साह उर्फ मिठू साह को दी.

सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे विधायक प्रतिनिधि

मामले की जानकारी मिलते ही विधायक प्रतिनिधि अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया. अस्पताल में ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों की अनुपस्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की. स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव तथा सिविल सर्जन कटिहार को दूरभाष पर इसकी जानकारी दी. बताया जाता है कि ड्यूटी रोस्टर में चिकित्सक डॉ नितीश कुमार एवं डॉ मोईन उद्दीन की ड्यूटी निर्धारित थी. उनके स्थान पर डॉ राजीव नयन प्रसाद द्वारा ड्यूटी किये जाने की बात सामने आयी, लेकिन वे भी अस्पताल में उपस्थित नहीं मिले.

सिविल सर्जन ने मांगा जवाब, उपाधीक्षक पहुंचे अस्पताल

सूचना मिलते ही सिविल सर्जन ने अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक (प्रभारी) से मोबाइल पर तत्काल जवाब तलब किया. इसके बाद अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एमए उस्मानी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. जांच में चिकित्सकों की अनुपस्थिति की पुष्टि होने पर उन्होंने इसकी जानकारी सिविल सर्जन को दी.

मरीजों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : विधायक प्रतिनिधि

विधायक प्रतिनिधि राजेश साह उर्फ मिठू साह ने कहा कि सरकार चिकित्सकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. इसके बावजूद ड्यूटी अवधि में अस्पताल से गायब रहना गंभीर लापरवाही है. उन्होंने कहा कि यह मरीजों के जीवन से खिलवाड़ है. इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री एवं प्रधान सचिव से मिलकर दोषी चिकित्सकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करने की बात कही.

अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय निवासी मसूद इकबाल ने कहा कि यदि अस्पताल में ड्यूटी के समय डॉक्टर ही मौजूद नहीं रहेंगे, तो मरीजों का इलाज कैसे होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ चिकित्सक सरकारी अस्पताल की जगह निजी क्लिनिक में अधिक समय दे रहे हैं. इससे आम मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

तीन चिकित्सकों से मांगा स्पष्टीकरण, कार्रवाई की चेतावनी

उपाधीक्षक डॉ एमए उस्मानी ने बताया कि ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित चिकित्सक डॉ नितीश कुमार व डॉ मोईन उद्दीन से 24 घंटे में जवाब मांगा गया है. इसके साथ ही उनके स्थान पर ड्यूटी करने वाले डॉ राजीव नयन प्रसाद को भी यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि किसकी अनुमति से उन्होंने ड्यूटी संभाली थी और उस समय अस्पताल में क्यों मौजूद नहीं थे. उन्होंने कहा कि यदि संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो संबंधित चिकित्सकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए वरीय अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >