मरीज के परिजनों ने नर्सिंग होम पर लगाया मनमानी वसूली का आरोप

मरीज के परिजनों ने नर्सिंग होम पर लगाया मनमानी वसूली का आरोप

कटिहार

शहर के बिनोदपुर स्थित एमजे आर मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पर मरीज के परिजनों ने ऑपरेशन के नाम पर तय राशि से कई गुना अधिक बिल वसूलने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर मरीज व उसके परिजनों ने सिविल सर्जन को आवेदन देकर जांच की मांग की है. जानकारी के अनुसार बरारी थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी 50 वर्षीय मंसूर अंसारी को पेट की आंत से जुड़ी गंभीर समस्या होने पर चार मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि भर्ती के समय अस्पताल प्रबंधन द्वारा ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गयी. इसके लिए पहले 80 हजार रुपये की मांग की गयी. बाद में बातचीत के बाद 60 हजार रुपये में ऑपरेशन करने पर सहमति बनी थी. परिजनों ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीज को आईसीयू में रखा गया और दवा व इलाज के नाम पर लगातार अतिरिक्त राशि की मांग की जाने लगी. इस दौरान अस्पताल प्रबंधन को कुल एक लाख दो हजार रुपये जमा करा दिए गए. परिजनों का कहना है कि उन्हें भरोसा था कि तय राशि और अतिरिक्त दवा खर्च के बाद मरीज को छुट्टी दे दी जायेगी. आरोप है कि 14 मई को जब मरीज को डिस्चार्ज कराने की बात हुई तो अस्पताल प्रबंधन ने दो लाख 90 हजार रुपये का बिल थमा दिया. इतना ही नहीं बिल जमा नहीं करने तक मरीज को अस्पताल से छुट्टी नहीं देने की बात कही गयी. इससे परिजन परेशान हो गये और अस्पताल प्रबंधन से बिल का आधार पूछने लगे. मरीज के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल द्वारा आईसीयू चार्ज, डॉक्टर विजिट, ऑक्सीजन तथा दवा के नाम पर प्रतिदिन करीब सात हजार रुपये जोड़ दिए गये. साथ ही दवाओं के कच्चे बिल दिखाकर कुल राशि को बढ़ाकर दो लाख 90 हजार रुपये कर दिया गया. परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन को लेकर जो इकरार हुआ था. उससे दोगुने से अधिक का बिल देना पूरी तरह अनुचित है. इधर मामले को गंभीर बताते हुए मरीज मंसूर अंसारी व उनकी पत्नी ने सिविल सर्जन को लिखित आवेदन देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा तय राशि से कहीं अधिक बिल बनाकर आर्थिक शोषण किया जा रहा है. मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर लोगों की नजर अब टिकी हुई है.

कहते हैं सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह बताया कि अस्पताल प्रबंधन को लेकर लिखित शिकायत मिली है. इसको लेकर जांच की जायेगी. यदि मरीज से अतिरिक्त बिल लिए गए हैं तो जांच में दोषी पाए जाने पर विधि संवत नर्सिंग होम पर कार्रवाई होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >