– निरीक्षण के दौरान कैदियों की समस्याओं से रूबरू हुए जिलाधिकारी कटिहार जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बुधवार को मंडल कारा का निरीक्षण किया. इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारा में बंद कैदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये. डीएम ने कारा परिसर का बारीकी से मुआयना करते हुए कैदियों के रहन-सहन, भोजन, स्नानागार एवं खेलकूद जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया. कैदियों ने शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई एवं शौचालयों की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का प्रार्थना पत्र डीएम को सौंपा. निरीक्षण के क्रम में कैदियों ने डीएम को अवगत कराया कि जेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर उन्हें पशुपालन (गायों की देखभाल एवं अधिक दूध देने वाली नस्लों की जानकारी), वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) बनाने जैसे विभिन्न व्यवसायिक प्रशिक्षण दिए जाते हैं, जो उनके पुनर्वास के लिए लाभकारी हैं. डीएम ने इस अवसर पर बताया कि पिछले निरीक्षण के दौरान शौचालय, शुद्ध पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए भवन निर्माण विभाग को निर्देशित किया था. आज पुनः भवन निर्माण विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे शीघ्र शौचालय एवं स्नानागारों के सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रारंभ करें. कैदियों के सर्वांगीण विकास के लिए डीएम ने एक नयी पहल करते हुए निर्देश दिया कि प्रतिदिन सुबह के समय स्कूल की भांति सभी कैदियों के लिए सुविचार चेतना सत्र का आयोजन किया जाय. उन्होंने समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं इंडोर व आउटडोर खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के भी निर्देश दिये. कैदियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए डीएम ने बातचीत के दौरान यह भी जानकारी ली कि क्या किसी कैदी को कोई गंभीर बीमारी तो नहीं है. कुछ कैदियों ने स्वयं को मधुमेह रोगी बताया. डीएम ने तत्काल कारा में तैनात चिकित्सक को निर्देशित किया कि मधुमेह एवं अन्य बीमारियों से ग्रसित कैदियों को समय पर दवाइयां उपलब्ध करायी जाय तथा उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित की करें. इसके अतिरिक्त डीएम ने महिला कैदियों से भी मुलाकात कर उनके हाल-चाल जाने तथा उनके लिए बेहतर रहन-सहन की व्यवस्था के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. निरीक्षण के अवसर पर अपर समाहर्ता बिनोद कुमार, कारा अधीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
मंडल कारा में प्रतिदिन कैदियों के लिए सुविचार चेतना सत्र आयोजित करें: डीएम
मंडल कारा में प्रतिदिन कैदियों के लिए सुविचार चेतना सत्र आयोजित करें: डीएम
