विधिक सेवा प्राधिकार ने जनप्रतिनिधियों को दी कानूनी जानकारी कोढ़ा प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कटिहार के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आमलोगों को सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता फैलाना था. कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के प्रमुख, मुखिया, सरपंच, उप-सरपंच, ग्राम कचहरी सचिव व ग्राम कचहरी न्यायमित्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों व अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता, उसकी कार्यप्रणाली और इसके माध्यम से विवादों के शीघ्र निपटारे की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला. वक्ताओं ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक ऐसा सशक्त मंच है. जहां आपसी सहमति और समझौते के आधार पर लंबित मामलों का त्वरित समाधान संभव है. इससे न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होता है, बल्कि आमलोगों को भी समय और पैसे की बचत के साथ न्याय मिल पाता है. कार्यशाला में विशेष रूप से ग्राम कचहरी की भूमिका पर जोर देते हुए कहा गया कि स्थानीय स्तर पर छोटे-छोटे विवादों को आपसी समझदारी से सुलझाकर न्यायालयों पर भार कम किया जा सकता है. जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में लोगों को लोक अदालत के महत्व के बारे में जागरूक करें और अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निपटाने के लिए प्रेरित करें. प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से सिविल, पारिवारिक, बैंकिंग, मोटर दुर्घटना एवं अन्य कई प्रकार के मामलों का निपटारा आसानी से किया जा सकता है. कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं. आयोजन को सफल बनाने में प्रखंड प्रशासन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
राष्ट्रीय लोक अदालत पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
राष्ट्रीय लोक अदालत पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
