मुख्यमंत्री ने किया जिला स्तरीय संसाधन व प्रशिक्षण केंद्र का उदघाटन कटिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना से पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं से संबंधित राज्य के विभिन्न जिलों में अवस्थित 43 नये भवनों का उद्घाटन व शिलान्यास किया. जिसमें कटिहार जिला अन्तर्गत जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केन्द्र भी शामिल है, जो आरआईडीएफ योजनान्तर्गत 10.928 करोड़ की लागत से निर्मित है. यह नव निर्मित भवन में पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के तीनों जिला स्तरीय कार्यालय कार्य करेंगे एवं एक छत के नीचे पशुपालन एवं मत्स्यपालन की सभी योजनाओं का लाभ आमजन को मिल सकेगा. साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किये जा सकेंगे. इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा के साथ-साथ जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी एवं जिला गव्य विकास पदाधिकारी अपने सहकर्मियों एवं लाभुकों के साथ एनआईसी सभागार समाहरणालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. डीएम ने इस मौके पर उपस्थित लाभुकों से सीधा संवाद किया एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में फीडबैक तथा योजना के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सुझाव व मन्तव्य भी प्राप्त किये. कार्यक्रम के अंत में जिला पशुपालन पदाधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
