कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं के बारे में बतायें : केंद्रीय राज्य मंत्री
कटिहार. शहर के राजेंद्र स्टेडियम में मंगलवार को एनडीए का कटिहार विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में बड़ी संख्या में एनडीए के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए. कार्यक्रम की अध्यक्षता एनडीए के संयोजक सह भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज राय ने की, जबकि मंच संचालन जदयू महानगर अध्यक्ष अमित साह ने किया. सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ राज भूषण चौधरी, राज्य मंत्री लेसी सिंह, राज्य मंत्री राजू सिंह मुख्य रूप से शिरकत किए थे. केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ राज भूषण चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार गरीबों और किसानों के हित में लगातार काम कर रही है. केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा मकसद और हमारा धर्म है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचायें. राज्य खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है. जीविका दीदियों के माध्यम से महिलाओं की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है. उन्होंने कहा कि एकजुटता समर्पण और स्पष्ट दृष्टि के साथ हम क्षेत्र के सतत विकास और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए पूरी तरह से तैयार है. राज्य मंत्री राजू सिंह ने कहा कि बिहार में एनडीए गठबंधन विकास की गंगा हर तरफ बही है. पूरे सीमांचल में सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सभी पर बेहतर काम हुआ है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं. उनके बूते ही एनडीए आने वाले चुनावों में फिर अपनी सरकार बनायेगी. पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि 2005 से पहले का लालटेन युग बिहार की महिलाओं को घर से बाहर निकलने तक से रोकना था. आज वहीं महिलाएं हर क्षेत्र में भागीदारी निभा रही है. उन्होंने कहा कि बिहार लालटेन युग से निकलकर नए युग में प्रवेश कर चुका है. पुल, फ्लाईओवर, छह लेन सड़कों का निर्माण इस बात का सबूत है. इस मौके पर बरारी विधायक विजय सिंह, कोढ़ा विधायक कविता पासवान, प्राणपुर विधायक निशा सिंह ने भी सम्मेलन को संबोधित किया. इस अवसर पर विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, मेयर उषा देवी अग्रवाल, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, पूर्व सांसद दुलालचंद गोस्वामी, पूर्व मंत्री निखिल चौधरी, जदयू जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश राय, लोजपा जिला अध्यक्ष संगीता देवी, हम जिला अध्यक्ष दीपक ऋषि, राष्ट्रीय लोक मोर्चा जिला अध्यक्ष उमाकांत आनंद, राम यादव, सौरभ मालाकार सहित एनडीए के सभी घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
