महिशाल व मोटबारी में नदी कटाव का विधायक संगीता देवी ने लिया जायजा, तत्काल राहत कार्य के निर्देश

बारसोई में नदी कटाव का निरीक्षण करते हुए विधायक संगीता देवी ने अधिकारियों को तत्काल बचाव कार्य शुरू करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत महिशाल पंचायत के कान्सोई गांव और मोटबारी गांव में लगातार हो रहे नदी कटाव का शनिवार को विधायक संगीता देवी ने निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने तथा कटाव रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए.

कटाव प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

विधायक संगीता देवी ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ, कनीय अभियंता, बलरामपुर के बीडीओ प्रशांत कुमार सिंह तथा सीओ अंशु के साथ कटाव प्रभावित स्थलों का निरीक्षण किया. ग्रामीणों ने बताया कि नदी लगातार किनारा काट रही है, जिससे कृषि भूमि, सड़क और कई घर खतरे की जद में आ गए हैं.

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने कटाव रोकने के लिए बालू से भरे बोड़े तत्काल नदी किनारे गिराने, आवश्यक सुरक्षात्मक सामग्री उपलब्ध कराने तथा अस्थायी एवं स्थायी कटाव निरोधी कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान लोगों की जान-माल, घर, सड़क और खेती योग्य भूमि की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ग्रामीणों को दिया भरोसा

ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की. विधायक ने उन्हें आश्वस्त किया कि कटाव प्रभावित क्षेत्रों में हरसंभव राहत उपलब्ध कराई जाएगी और कार्यों की लगातार निगरानी भी की जाएगी.

जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री बिनोद कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के जिला सचिव सह प्रखंड प्रभारी पप्पू मल्लिक, सुरेश राय, प्रदीप पांडे, जगन्नाथ दास, राजू दास सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे. विधायक के निर्देश के बाद प्रभावित लोगों में त्वरित राहत कार्य शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है.

ALSO READ : भारत की पहली बज्जिका फीचर फिल्म 'बउआ' की शूटिंग शुरू: कटिहार के रौनित संभाल रहे निर्देशन


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरविंद गुप्ता को पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2012 से लगातार कार्य कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >