– बारसोई बलरामपुर में फूड प्रोसेसिंग उद्योग स्थापना को लेकर सौंपा मांग पत्र बारसोई नई दिल्ली स्थित पंचशील भवन में केंद्रीय मंत्री सह लोक जनशक्ति पार्टी (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान से बलरामपुर विधायक संगीता देवी ने शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग से संबंधित उद्योगों की स्थापना को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा. मांग पत्र के माध्यम से विधायक ने क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र कृषि प्रधान क्षेत्र है. जहां फूड प्रोसेसिंग उद्योग स्थापित होने से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा. पलायन पर भी रोक लगेगी. विधायक ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विकासात्मक समस्याओं से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया. इस पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मांग पत्र में उल्लिखित सभी बिंदुओं को जनहित से जुड़ा बताते हुए शीघ्र सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों से पत्राचार कर हर बिंदु पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. ताकि क्षेत्र के विकास को गति मिल सके. केंद्रीय मंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग उद्योग स्थापना को लेकर नई उम्मीद जगी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
