बलिया बेलौन बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के आलापोखर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने अज्ञात शव बरामद होने पर बलिया बेलौन पुलिस पहुंच कर जांच में जुटी है. बताया जाता है कि सुबह खेत की ओर जा रहे कुछ ग्रामीणों की नजर नदी के किनारे पड़े शव पर पड़ी. जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये. सूचना जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को अवगत कराया. बलिया बेलौन थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की. पहचान के लिए शव की तस्वीरें विभिन्न माध्यमों से साझा की गयी. कुछ ही देर में शव की पहचान शिकारपुर पंचायत निवासी मुन्तखब 55 वर्ष के रूप में हुई जो पिछले कुछ दिनों से लापता थे. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने शव की शिनाख्त की. परिजनों के अनुसार मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. वह अक्सर घर से निकलकर इधर-उधर भटक जाया करते थे. पूर्व में भी कई बार वह नदी के आसपास पहुंच गये थे लेकिन ग्रामीणों की मदद से उन्हें सुरक्षित घर लाया गया था. परिजनों ने पुलिस को लिखित रूप से आवेदन देकर पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग की. उनका कहना था कि घटना को लेकर उन्हें किसी प्रकार का संदेह नहीं है. वे बिना किसी कानूनी कार्रवाई के अंतिम संस्कार करना चाहते हैं. थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव हो सके.
महानंदा नदी किनारे अधेड़ का शव बरामद, जांच शुरू
महानंदा नदी किनारे अधेड़ का शव बरामद, जांच शुरू
