ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बारसोई-बलरामपुर की दवा दुकानें रही बंद

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बारसोई-बलरामपुर की दवा दुकानें रही बंद

बारसोई ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर बुधवार को बारसोई एवं बलरामपुर क्षेत्र की सभी दवा दुकानें बंद रहीं. ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित एकदिवसीय हड़ताल का व्यापक असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिला. दवा दुकानों के बंद रहने से मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. लोग आवश्यक दवाओं के लिए बाजार में इधर-उधर भटकते नजर आये. हालांकि आपातकालीन स्थिति को देखते हुए पूर्व निर्णय के अनुसार बारसोई बाजार में गुप्ता मेडिको, बारसोई स्टेशन में जनता मेडिको, काजी टोला में जहांगीर मेडिको तथा बलरामपुर में शारदा मेडिको को खुला रखा गया. जरूरतमंद मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराई गयी. बावजूद इसके अन्य दुकानों के बंद रहने से दिनभर लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. खासकर बुजुर्ग मरीज, बच्चों के परिजन एवं गंभीर रोगियों को दवा के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा. इस संबंध में बारसोई-बलरामपुर ड्रग एसोसिएशन के सचिव शेख पमीरुद्दीन ने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे एवं मध्यम दवा व्यवसायियों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. उन्होंने कहा कि दवा जैसी संवेदनशील वस्तु की ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर यह सांकेतिक हड़ताल की गई है. यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जायेगा. बताया गया कि हड़ताल को सफल बनाने के लिए पूर्व में नगर पंचायत स्थित ड्रग एसोसिएशन कार्यालय में एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई थी. जिसकी अध्यक्षता सचिव शेख पमीरुद्दीन ने की थी. संचालन प्रशांत कुमार साहा ने किया था. हड़ताल के दौरान राधा गोविन्द घोष, कैसरे हिंद, संजीव कुमार, अब्दुल गनी, अनिल गुप्ता उर्फ हपु गुप्ता, लखन चन्द्र दास, जकी अहमद, देवाशीष दास, समामउल आरफीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में दवा दुकानदार सक्रिय रूप से मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >