– समाहरणालय पर जिले के डीलरों ने दिया धरना कटिहार जिला फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के बैनर तले शनिवार को जिले के जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं ने अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया. धरना में बड़ी संख्या में पीडीएस दुकानदार शामिल हुए. जिला आपूर्ति विभाग व जिला राज्य खाद्य निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. धरना पर बैठे विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि जिला प्रबंधक, जिला राज्य खाद्य निगम द्वारा जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के हित में कोई ठोस कार्य नहीं किया जा रहा है. कई मामलों में विभागीय खामियों के बावजूद विक्रेताओं को ही दोषी ठहराकर कार्रवाई की जाती है. जिससे उनका मनोबल टूट रहा है. एसोसिएशन की जिला महामंत्री इंदिरा सिंहा ने कहा कि जनवरी 2025 से अब तक विक्रेताओं को मार्जिन मनी का भुगतान नहीं किया गया है. इसके अलावा अगस्त 2020 तक का बकाया मार्जिन मनी भी अभी तक लंबित है. लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. दुकानों का संचालन करना मुश्किल हो गया है. जिला सचिव संजीव कुमार ने कहा कि पीडीएस दुकानों पर पीएमआर चावल के नाम पर घटिया और खराब अनाज दिया जाता है. जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष फैलता है. इसका सीधा असर विक्रेताओं पर पड़ता है. उन्हें आमलोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ता है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सहायक गोदाम प्रबंधक द्वारा समय पर अनाज का सही वजन नहीं दिया जाता. कई बार राशन के परिवहन के दौरान ड्राइवरों द्वारा जबरन एक-एक बोरा उतार लिया जाता है. जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. जिला संगठन मंत्री राजीव पूर्वे ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इससे विक्रेताओं में भारी रोष व्याप्त है. धरना के माध्यम से विक्रेताओं ने प्रशासन से मांग की कि लंबित मार्जिन मनी का शीघ्र भुगतान किया जाए और वितरण व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं पर रोक लगायी जाय. साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जायेगा. इस अवसर पर सुभाष कुमार सिंह, अमित कुमार पाल, नौशाद आलम, विक्रम कुमार यादव, अजीत कुमार सिंह, फरमान, मेघराज भगत, प्रमोद कुमार प्रणव, सुरेंन श्रीवास्तव, आफताब आलम, जगदीश यादव, रामशंकर पांडे, सचिन कुमार, श्याम नारायण चौहान, संजीव कुमार आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
