फोटो- पंचायत के मुखिया निरीक्षण करते | Prabhat Khabar Network

मनसाही के पंचवर्गा में बाढ़ का पानी बढ़ा, 50 से अधिक घर घिरे, 500 एकड़ फसल डूबी

मनसाही प्रखंड के पंचवर्गा गांव में बाढ़ का पानी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे 50 से अधिक घर जलमग्न हो गए हैं. 500 एकड़ से अधिक धान और मक्का की फसलें भी बर्बाद हो गई हैं. प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी.

कटिहार, मनसाही. मनसाही प्रखंड की कुरेठा पंचायत के पंचवर्गा गांव में बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. रविवार को पंचायत के मुखिया अवधेश प्रसाद यादव और अंचल निरीक्षक महबूब आलम ने वार्ड सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद आलमगीर के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर 14 के कमला घाट, पंचवर्गा में 50 से अधिक घरों के बाढ़ के पानी से घिरे होने की जानकारी मिली. कई घरों में पानी प्रवेश कर गया है और प्रभावित परिवार ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं.

50 से अधिक घर बाढ़ के पानी से घिरे

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कमला घाट और पंचवर्गा क्षेत्र में बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है. इससे 50 से अधिक घर प्रभावित हुए हैं. कई घरों में पानी घुस जाने के कारण लोगों को रोजमर्रा के काम में भी परेशानी हो रही है. बाढ़ प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थानों और ऊंचे इलाकों में शरण लिए हुए हैं.

प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का आश्वासन

मुखिया अवधेश प्रसाद यादव ने बाढ़ पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने आश्वासन दिया कि अंचलाधिकारी मनसाही के माध्यम से जल्द ही प्रभावित परिवारों को सूखा राशन, पॉलिथीन शीट समेत अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करायी जाएगी.

500 एकड़ से अधिक धान और मक्का की फसल डूबी

मुखिया ने बताया कि बाढ़ के कारण कुरेठा पंचायत में 500 एकड़ से अधिक धान और मक्का की फसल डूबकर बर्बाद हो गयी है. इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. उन्होंने फोन के माध्यम से अंचलाधिकारी मोहम्मद इस्माइल को बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों की समस्याओं से अवगत कराया.

दस दिनों से चल रही सरकारी नाव

अंचल निरीक्षक महबूब आलम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुविधा के लिए पिछले 10 दिनों से एक सरकारी नाव चलायी जा रही है. इससे कमला नदी किनारे बसे लोगों को मुख्य सड़क और चौक-चौराहों तक आने-जाने में राहत मिल रही है.

सरकारी प्रावधान के अनुसार मिलेगा लाभ

अंचल निरीक्षक ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को सरकारी प्रावधान के अनुसार आवश्यक लाभ उपलब्ध कराया जाएगा. प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखी जा रही है. स्थानीय स्तर पर लोगों की जरूरतों और आवागमन की समस्या को देखते हुए राहत व्यवस्था को आगे बढ़ाने की बात कही गयी है.

Also Read : बाढ़ के बीच दानापुर दियारा में जंगली सुअर का आतंक, महिला समेत दो पर हमला, ग्रामीणों ने घेरकर मार डाला

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललित कुमार

ललित कुमार प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. मनसाही (कटिहार) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >