एनएच 31 के सर्विस रोड पर सुखाया जा रहा मक्का, प्रशासन बेखबर

एनएच 31 के सर्विस रोड पर सुखाया जा रहा मक्का, प्रशासन बेखबर

– रैन बसेरा पर दबंगों का कब्जा अमीर सोहेल, कोढ़ा एनएच-31 पर हुए भीषण सड़क हादसे ने सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया हैं. बीते देर शाम हुए सड़क हादसे से कुछ ही दूरी पर सर्विस रोड और ट्रक चालकों के लिए बनाए गए रैन बसेरा के बावजूद ट्रक सड़क किनारे खड़े किए जा रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शियों और लोगों के अनुसार, हादसे के वक्त सड़क किनारे कई ट्रक खड़े थे. तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पिकअप और बाइक सवारों को रौंदते हुए आगे बढ़ी. जिससे 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए. अगर सड़क किनारे ट्रक खड़े नहीं होते तो यह हादसा टल सकता था. ट्रक ड्राइवर तारिक अनवर ने कहा, विभाग द्वारा ट्रक चालकों के लिए सर्विस रोड और रैन बसेरा दोनों की व्यवस्था की गई है लेकिन इन सुविधाओं का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है. कहा कि सर्विस रोड पर किसानों द्वारा मक्का सुखाया जा रहा है. ट्रक चालकों को ठहरने की जगह नहीं मिलती और वे मजबूरन सड़क किनारे ही ट्रक खड़ा कर खाना बनाते और आराम करते हैं. ग्रामीण बबलू ने बताया कि यदि सड़क किनारे ट्रक नहीं खड़े होते तो पिकअप वाहन आसानी से निकल सकता था और इतना बड़ा हादसा नहीं होता. कहा, सर्विस रोड का उपयोग सही तरीके से नहीं होने और अव्यवस्था के कारण यह दुर्घटना हुई है. लोगों और बुद्धिजीवियों ने प्रशासन से मांग की है कि रैन बसेरा को अतिक्रमण मुक्त कराया जाय और सर्विस रोड को खाली कराया जाय.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >