कोढ़ा थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में लूटी गई नकदी व सोने की चेन को बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है. हाजीपुर नगर थाना कांड सं 353/25 के तहत एक बड़ी लूट को अंजाम दिया गया था. जिसमें 4,00,000 की नकदी छिनतई की गई थी. इस मामले में कोढ़ा थाना पुलिस ने प्रभावी जांच करते हुए अप्राथमिकी अभियुक्त सिंटू ग्वाला पिता अधिक ग्वाला, नया टोला जुराबगंज, वार्ड एक कोढ़ा निवासी के घर पर छापेमारी की. वहां से लूटी गई राशि को बरामद किया. बरामद रकम को विधिवत प्रक्रिया के तहत हाजीपुर नगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया. दूसरा मामला मुजफ्फरपुर सोने की चेन लूट कांड मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर थाना कांड सं 47/25 में लूटी गयी एक कीमती सोने की चेन का मामला दर्ज किया गया था. इस मामले की जांच के दौरान कोढ़ा थाना पुलिस को सूचना मिली कि लूटी गई चेन रोहित यादव पिता अर्जुन यादव, नया टोला जुराबगंज, वार्ड नं- 01, कोढ़ा निवासी के घर में छिपाई गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के ठिकाने पर छापेमारी की और सोने की चेन को बरामद कर लिया. बरामद चेन को कानून के मुताबिक मुजफ्फरपुर पुलिस को सौंप दिया गया. पुलिस अब इन मामलों में संलिप्त आरोपितों की तलाश में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
