जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत दरमाही में शिविर का शुभारंभ

जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत दरमाही में शिविर का शुभारंभ

– 25 मई तक अनुसूचित जनजाति परिवारों को मिलेगा योजनाओं का लाभ फलका फलका प्रखंड क्षेत्र के पीरमोकाम पंचायत अंतर्गत दरमाही गांव में जनजातीय गरिमा उत्सव-2026 के तहत जन भागीदारी- सबसे दूर, सबसे पहले विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अभियान का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जनजाति परिवारों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. ताकि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी सुविधाओं से वंचित न रह जाय. अभियान के तहत आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. शिविर में अनुसूचित जनजाति परिवारों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन, पात्रता जांच एवं लाभ वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई. इस दौरान पात्र लाभुकों को पात्रता कार्ड भी वितरित किए गए तथा विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई. स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई. साथ ही किशोरियों एवं बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर जागरूक करते हुए वैक्सीनेशन भी किया गया. स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को नियमित जांच एवं टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी. प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रूपेश कुमार ने बताया कि यह विशेष अभियान 19 मई से 25 मई 2026 तक संचालित किया जायेगा. उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाय. विभिन्न विभागों के समन्वय से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, राशन, पेंशन, आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों का निष्पादन किया जा रहा है. ग्रामीणों को आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी जा रही है. शिविर के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला. लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर शिविर लगने से उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में काफी सहूलियत मिल रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >