हवाई हमले व ब्लैकआउट को लेकर कल शाम 7.00 से 7.15 तक लाइट को रखें बंद : डीएम

जिले में 14 मई की संध्या 7.00 बजे से 7.15 बजे तक नागरिक सुरक्षा संबंधी हवाई हमला व ब्लैकआउट को लेकर होने वाली मॉकड्रिल की तैयारी पूरी कर ली गयी है.

– मॉकड्रिल की ओर से सभी जरूरी तैयारियां पूरी कटिहार. जिले में 14 मई की संध्या 7.00 बजे से 7.15 बजे तक नागरिक सुरक्षा संबंधी हवाई हमला व ब्लैकआउट को लेकर होने वाली मॉकड्रिल की तैयारी पूरी कर ली गयी है. मंगलवार को समाहरणालय स्थित एनआइसी सभागार में डीएम आशुतोष द्विवेदी ने प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि युद्ध के समय नागरिकों को हवाई हमला से बचाव के लिए किन महत्वपूर्ण बातों पर ध्यान दिया जाना है. इसी उद्देश्य से मॉकड्रिल किया जायेगा. डीएम ने कहा कि मॉकड्रिल के जरिये लोगों को किसी भी हवाई हमला से स्वयं व दूसरों को बचाने के लिए एक सुरक्षा अभ्यास कराया जायेगा. ब्लैकआउट का मॉकड्रिल कार्यक्रम के दौरान लोगों में ध्यान रखने योग बातों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना के निर्देश पर हवाई हमले की स्थिति में सायरन बजाया जायेगा. यदि सायरन की आवाज रूक-रूक कर आती है तो लोगों को समझ जाना चाहिए कि हवाई हमले का खतरा जारी है और उक्त सायरन के आवाज के तुरंत बाद लोगों को अपने-अपने घरों, मकानों, दुकानों, गोदामों की सभी लाइट तथा बिजली के उपकरण यंत्र जैसे जनरेटर, इन्वर्टर, बैट्री, वाहनों की हेडलाइट, टॉर्च इत्यादि को बंद कर देना चाहिए. साथ ही घरों की खिड़कियों व रोशनदानों को परदे से ढक देना देना चाहिए. इस दौरान खुले में टॉर्च या मोबाइल की रोशनी का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए. इससे दुश्मन आपके स्थिति का पता नहीं लगा सकते है और वह क्षेत्र हमला में किसी भी प्रकार का हवाई हमला होने से बच जाता है. उन्होंने कहा कि खासकर यह मॉकड्रिल कटिहार शहरी क्षेत्र में हो रहा है. इसके लिए 47 स्थानों को चिह्नित की गयी है. जहां दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल को तैनात किया गया है. पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि खासकर शहर के मनिहारी मोड़, कटिहार रेलवे स्टेशन व न्यू मार्केट स्थित एक होटल के पास वृहत रूप से मॉकड्रिल कराया जायेगा. डीएम ने यह भी कहा कि किसी भी हवाई हमला होने पर लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है. यदि किसी भी क्षेत्रों में बम विस्फोट होती है तो उस दौरान लोगों को असुरक्षित भवन से बाहर हो जाना चाहिए और उस दौरान लोगों को तुरंत ही इसकी सूचना सिविल डिफेंस कंट्रोल रूम या जिला कंट्रोल रूम का फोन नंबर 06452-239026, 239025 या 242400 पर दें या इसकी सूचना नागरिक सुरक्षा कटिहार का कंट्रोल रूम का फोन नंबर 06452-230501 पर भी लोग इसकी सूचना दे सकते है. प्रेस कांफ्रेंस में सदर एसडीओ प्रद्युम्न सिंह यादव, जिला गोपनीय प्रशाखा के प्रभारी पदाधिकारी अभिषेक किशोर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >