कटिहार में मौसम की करवट, झमाझम बारिश के बाद गर्मी से मिली राहत, अगले पांच दिन मेहरबान रहेंगे बादल

Katihar Weather Upadte: कटिहार में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है. अगले पांच दिनों तक बारिश और बादल छाए रहने का अनुमान, किसानों को भी राहत मिली.

कटिहार से राज किशोर चौरसिया की रिपोर्ट

Katihar Weather Upadte: जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच शनिवार की अहले सुबह हुई झमाझम बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी. बारिश के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. इससे लोगों को चिलचिलाती धूप और उमस से काफी राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी राहत का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

शनिवार को भी बारिश और बादल बने रहेंगे

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश की संभावना करीब 20 प्रतिशत है. वहीं 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी. हालांकि 74 प्रतिशत आर्द्रता रहने के कारण उमस का एहसास बना रह सकता है.

अगले पांच दिनों तक मौसम रहेगा सुहाना

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में लगातार गिरावट दर्ज होने की संभावना है. रविवार को गरज के साथ अच्छी बारिश हो सकती है और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. सोमवार को 32 डिग्री, मंगलवार को 31 डिग्री तथा बुधवार को 33 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है. पूरे सप्ताह न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. रविवार को तेज बारिश और शेष दिनों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं.

उमस बरकरार, लेकिन हवा की गुणवत्ता में सुधार

फिलहाल कटिहार का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, लेकिन अधिक नमी के कारण यह करीब 40 डिग्री जैसा महसूस हो रहा है. सुबह 8 बजे से दोपहर तक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बारिश के बाद शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 83 दर्ज किया गया है, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है. बारिश के कारण हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण कम हुए हैं, जिससे सांस संबंधी मरीजों और बुजुर्गों को राहत मिली है.

किसानों के लिए राहत की बारिश

समय पर हुई बारिश से धान की रोपनी में जुटे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी. हालांकि लगातार बारिश को देखते हुए नगर निगम को जलजमाव वाले इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने की जरूरत होगी, ताकि जलभराव और उससे फैलने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके.

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कटिहार में तेज धूप से राहत बनी रहेगी. हालांकि बीच-बीच में बारिश होने की संभावना को देखते हुए लोगों को घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी गई है.

और पढ़ें: जब डीएम बने बच्चों के दोस्त : पूछे अल्फाबेट और गिनती, दत्तक ग्रहण संस्थान पूर्णिया का किया निरीक्षण

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >