कटिहार. जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय अरिहाना, आजमनगर के विशिष्ट शिक्षक विप्लव कुमार को राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया है. शनिवार को पटना के एसके मेमोरियल हॉल में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें सम्मानित किया. समारोह में उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी समेत कई मंत्री और शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे. इससे पहले विप्लव कुमार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के अंतिम छह चयनित शिक्षकों में भी शामिल हुए थे, हालांकि अंतिम चयन नहीं हो सका. इसके बाद राज्य सरकार ने उन्हें राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया.
2006 से शिक्षा के क्षेत्र में दे रहे योगदान
विप्लव कुमार वर्ष 2006 से शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्यरत हैं. ग्रामीण परिवेश से आने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आनंददायी शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ विद्यालय के शैक्षणिक एवं समग्र विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
विद्यालय में बच्चों के नामांकन, ठहराव और नियमित कक्षा संचालन को बेहतर बनाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहते हैं. उनका जोर बच्चों को सिर्फ पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल करने पर रहा है.
गतिविधि और प्रयोग से सीखने पर जोर
कक्षा-कक्ष में पारंपरिक शिक्षण के साथ रोचक गतिविधियों, प्रयोग और करके सीखने की पद्धति को अपनाकर बच्चों की पढ़ाई में रुचि विकसित करने का प्रयास किया जाता है. गणित और विज्ञान जैसे विषयों को सरल एवं सहज बनाने के लिए विभिन्न शैक्षणिक नवाचारों और गतिविधियों का इस्तेमाल किया जाता है. इस पद्धति के माध्यम से बच्चों को स्वयं करके, देखकर और अनुभव के आधार पर सीखने का अवसर मिलता है. इससे कक्षा में उनकी सहभागिता और विषयों को समझने की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जाता है.
बाल संसद और मीना मंच से सामाजिक जागरूकता
बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए विद्यालय में बाल संसद और मीना मंच को सक्रिय रखा गया है. इनके माध्यम से बाल विवाह, दहेज, नशा, लैंगिक भेदभाव और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने में विप्लव कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
इन गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को सामाजिक मुद्दों को समझने और अपने स्तर से जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जाता है.
इको क्लब के साथ पर्यावरण संरक्षण की पहल
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी विद्यालय में कई गतिविधियां संचालित की गयी हैं. इको क्लब के बच्चों के साथ मिलकर पौधरोपण, पौधों की सुरक्षा, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया है.
आपदा प्रबंधन की भी दी जा रही समझ
बच्चों में आपदा जोखिम न्यूनीकरण और आपदा प्रबंधन की समझ विकसित करने के लिए भी नियमित गतिविधियां करायी जाती हैं. इसका उद्देश्य बच्चों को आपदा की स्थिति में स्वयं सुरक्षित रहने के साथ अपने परिवार और समुदाय की सहायता करने में सक्षम बनाना है.
राष्ट्रीय पुरस्कार के अंतिम छह में हुए थे चयनित
विप्लव कुमार की शैक्षणिक गतिविधियों और नवाचारों को देखते हुए उनका चयन राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के अंतिम छह शिक्षकों में हुआ था. हालांकि अंतिम स्तर पर राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए उनका चयन नहीं हो पाया. इसके बाद राज्य सरकार ने उनके कार्यों को देखते हुए राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए उनका चयन किया. ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की सहभागिता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े लगातार प्रयासों के लिए मिला यह सम्मान विद्यालय और क्षेत्र के लिए उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है.
