Katihar Railway Development: कटिहार. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन्य कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कटिहार रेलमंडल के चयनित स्टेशनों पर युद्धस्तर पर विकास कार्य चल रहे हैं. परियोजनाओं के पूरा होने के बाद स्टेशनों की तस्वीर बदलने के साथ यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. उन्होंने बताया कि हल्दीबाड़ी सेक्शन का कार्य कमीशन हो चुका है, जबकि न्यू जलपाईगुड़ी वर्ल्ड क्लास स्टेशन का निर्माण तेजी से चल रहा है और इसे अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
कटिहार स्टेशन पर बनेंगे दो अतिरिक्त प्लेटफॉर्म
जीएम ने बताया कि कटिहार स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 के बीच नई रेल लाइन बिछाकर दो अतिरिक्त प्लेटफॉर्म विकसित करने की योजना है. इससे स्टेशन की यात्री और ट्रेन हैंडलिंग क्षमता बढ़ेगी. कटिहार जैसे महत्वपूर्ण जंक्शन पर बढ़ते यात्री दबाव और ट्रेनों की संख्या को देखते हुए यह परियोजना अहम मानी जा रही है. अतिरिक्त प्लेटफॉर्म बनने से नई ट्रेनों के परिचालन और मौजूदा ट्रेनों के सुचारु संचालन में भी मदद मिलेगी.
चिकन नेक में फोर्थ लाइन को मिली मंजूरी
महाप्रबंधक ने बताया कि मालदा-न्यू जलपाईगुड़ी रेल सेक्शन पूरे पूर्वोत्तर को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर है. रणनीतिक दृष्टि से भी इसकी अहमियत है. इस सेक्शन में पहले थर्ड लाइन का प्रस्ताव था, लेकिन अब फोर्थ लाइन को भी मंजूरी मिल गई है.उन्होंने बताया कि तीनमई घाट से बागडोगरा तक करीब 29 किलोमीटर डबल लाइन का अंडरग्राउंड कार्य भी महत्वपूर्ण परियोजना है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से पूरे रेल कॉरिडोर की क्षमता और कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है.
बारसोई सेक्शन में भी डबल लाइन का काम
रेल महाप्रबंधक ने बताया कि बारसोई सेक्शन में डबल लाइन का कार्य चल रहा है. रेलमंडल में लगातार आधारभूत संरचना का विस्तार किया जा रहा है, ताकि बढ़ते यात्री और माल यातायात को बेहतर तरीके से संभाला जा सके.
42 नई ट्रेनें और करीब 250 नए स्टॉपेज
जीएम ने बताया कि पिछले वर्ष एनएफ रेलवे के विभिन्न क्षेत्रों में 42 नई ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए करीब 250 नए स्टॉपेज भी दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि रेल सेवाओं के विस्तार के साथ आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर भी लगातार काम किया जा रहा है.
जोगबनी, राधिकापुर और बालूरघाट से नई ट्रेनों की तैयारी
स्थानीय यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए महाप्रबंधक ने कहा कि जोगबनी, राधिकापुर और बालूरघाट से जल्द नई ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है. इससे सीमावर्ती और दूरदराज के क्षेत्रों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है.
गुवाहाटी से तिनसुकिया और अगरतला तक बढ़ेगी वंदे भारत
महाप्रबंधक ने बताया कि एनएफ रेलवे में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है. अब इलेक्ट्रिक ट्रेनों के परिचालन का विस्तार किया जा रहा है. भविष्य में वंदे भारत ट्रेनों को गुवाहाटी से आगे तिनसुकिया और अगरतला तक अप-डाउन में चलाने की योजना है. इससे पूर्वोत्तर के यात्रियों को तेज और आधुनिक रेल यात्रा की सुविधा मिल सकेगी.
न्यू जलपाईगुड़ी में मेडिकल कॉलेज की योजना
जीएम ने न्यू जलपाईगुड़ी में रेलवे की खाली जमीन के बेहतर उपयोग की योजना का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि रेलवे की खाली जमीन पर मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है. इससे रेलवे भूमि का जनहित में उपयोग होने के साथ स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को भी लाभ मिलने की उम्मीद है.
पूर्णिया कोर्ट की लंबी दूरी की ट्रेनों के कटिहार विस्तार पर भी चर्चा
प्रेस वार्ता के दौरान पूर्णिया कोर्ट से पटना सहित अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों को कटिहार तक विस्तारित करने के सवाल पर महाप्रबंधक ने कहा कि यह अच्छा प्रस्ताव है. हालांकि इसके लिए रूट स्लॉट, यार्ड और प्लेटफॉर्म की उपलब्धता जरूरी होगी. इन सुविधाओं की उपलब्धता और मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद ट्रेनों का कटिहार तक विस्तार संभव हो सकता है.
रेल अधिकारियों ने लिया योजनाओं का जायजा
Katihar Railway Development: मौके पर कटिहार रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह सहित एनएफ रेलवे मुख्यालय एवं कटिहार मंडल के सभी रेल अधिकारी मौजूद रहे. महाप्रबंधक ने कहा कि चल रही परियोजनाओं का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के साथ पूरे रेल नेटवर्क की क्षमता को मजबूत करना है.
