कटिहार में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ की 6.7 किलो स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार; बंगाल सीमा पर धराया

कटिहार में उत्पाद विभाग ने नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है. 6 किलो 700 ग्राम स्मैक, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक है, के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. यह खेप बंगाल सीमा के पास से बरामद हुई है.

कटिहार. जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान में उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है. टीम ने 6 किलो 700 ग्राम स्मैक के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है. उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र के महुआ वार्ड नंबर 13 निवासी बशीर आलम के रूप में हुई है.

किरौड़ा रेलवे गुमटी के पास वाहन जांच में मिली खेप

डीएम आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह के नेतृत्व में जिले में लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बलरामपुर थाना क्षेत्र के किरौड़ा रेलवे गुमटी के पास सघन वाहन जांच की जा रही थी.

किरौड़ा क्षेत्र पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले से सटा हुआ है. वाहन जांच के दौरान एक बाइक पर टंगे झोले को देखकर उत्पाद पुलिस को संदेह हुआ. बाइक को रोककर झोले की तलाशी ली गयी तो उसमें से 6 किलो 700 ग्राम स्मैक बरामद हुआ.

बाइक सवार बशीर आलम गिरफ्तार

स्मैक बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने बाइक सवार को मौके पर ही हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उसकी पहचान बायसी थाना क्षेत्र के महुआ वार्ड नंबर 13 निवासी बशीर आलम के रूप में हुई. उत्पाद विभाग के अनुसार वह बाइक से स्मैक की बड़ी खेप लेकर जा रहा था.

5 करोड़ से अधिक बतायी गयी अंतरराष्ट्रीय बाजार की कीमत

उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि बरामद 6.700 किलोग्राम स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गयी है. इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी को नशा विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है.

बरामद मादक पदार्थ और आरोपी बलरामपुर थाना को सौंपे

उत्पाद विभाग ने बेहतर अनुसंधान और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बरामद मादक पदार्थ और गिरफ्तार आरोपी को बलरामपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस अब मामले में तस्करी के नेटवर्क और खेप के स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी है.

सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ायी गयी निगरानी

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. वाहन जांच और छापेमारी के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Niraj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >