कटिहार : सदर अस्पताल कटिहार में शनिवार को भी मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिलेगी. अस्पताल प्रबंधन ने शनिवार की ओपीडी और इमरजेंसी सेवा का रोस्टर जारी कर दिया है. मरीज अपनी बीमारी के अनुसार संबंधित विभाग के डॉक्टर से परामर्श ले सकते हैं.
ओपीडी का संचालन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम 4 बजे से 6 बजे तक होगा. मरीजों को पहले पर्ची काउंटर से पर्ची बनवानी होगी. इसके बाद संबंधित विभाग के डॉक्टर से परामर्श लिया जा सकता है.
शनिवार को इन विभागों में मिलेंगे डॉक्टर
मेडिसिन विभाग : डॉ. उदयन बुखार, सर्दी-खांसी, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, पेट दर्द, गैस, लीवर और किडनी से संबंधित परेशानी, सांस की बीमारी समेत मौसमी बीमारियों का इलाज करेंगे.
डेंटल विभाग : डॉ. एके सिंह दांत दर्द, मसूड़ों से खून आना, दांत में कीड़ा लगना, दांत हिलना, मुंह के छाले, दांतों की सफाई और दांत निकालने जैसी समस्याओं के लिए परामर्श देंगे.
ईएनटी विभाग : डॉ. विपिन कुमार कान बहना, कम सुनाई देना, गले में खराश, टॉन्सिल, नाक से खून आना, साइनस और आवाज बैठने जैसी समस्याओं का इलाज करेंगे.
गायनी विभाग : डॉ. अभिरुचि मनु और डॉ. ममता कुमारी महिलाओं की माहवारी संबंधी समस्या, सफेद पानी, गर्भावस्था जांच, प्रसव पूर्व परामर्श, पेट के निचले हिस्से में दर्द और बांझपन संबंधी परामर्श दिया जाएगा.
एक नजर में
ओपीडी समय : सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम 4 से 6 बजे तक. मेडिसिन : डॉ. उदयन. डेंटल : डॉ. एके सिंह. ईएनटी : डॉ. विपिन कुमार. गायनी : डॉ. अभिरुचि मनु और डॉ. ममता कुमारी. इमरजेंसी : 24 घंटे उपलब्ध.
इमरजेंसी में तीन शिफ्ट में तैनात रहेंगे डॉक्टर
आपातकालीन मरीजों के लिए सदर अस्पताल की इमरजेंसी सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी. इमरजेंसी वार्ड में तीन शिफ्ट में डॉक्टरों की तैनाती की गयी है.
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक : डॉ. सुशांत कुमार. दोपहर 2 से रात 9 बजे तक : डॉ. सानंद प्रेम. रात 9 से सुबह 8 बजे तक : डॉ. दीपक कुमार.
सामान्य बीमारी में ओपीडी का करें इस्तेमाल
अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों से अपील की है कि सामान्य बीमारी की स्थिति में ओपीडी सेवा का ही इस्तेमाल करें. दुर्घटना, हार्ट अटैक, तेज बुखार, प्रसव पीड़ा जैसी गंभीर आपात स्थिति में ही इमरजेंसी वार्ड पहुंचें. इससे गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
