Katihar: समाहरणालय व सदर अनुमंडल परिसर जलजमाव से बदहाल , सरकारी कामकाज पर असर

समाहरणालय और सदर अनुमंडल परिसर में पानी भर जाने से दफ्तरों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है. परिसर में जलजमाव के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों को मजबूरी में पानी के बीच से होकर कार्यालय जाना पड़ रहा है. इससे दैनिक प्रशासनिक कार्यों पर भी असर देखा जा रहा है.

कटिहार से सूरज गुप्ता की रिपोर्ट:

कटिहार: जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. लगातार 48 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है. इसका सीधा असर आम लोगों के साथ-साथ सरकारी कामकाज पर भी पड़ रहा है.

समाहरणालय और सदर अनुमंडल परिसर में पानी भर जाने से दफ्तरों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है. परिसर में जलजमाव के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों को मजबूरी में पानी के बीच से होकर कार्यालय जाना पड़ रहा है. इससे दैनिक प्रशासनिक कार्यों पर भी असर देखा जा रहा है.

सदर अनुमंडल परिसर में सदर अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, शिक्षा स्थापना, निर्वाचन कार्यालय, जिला उपभोक्ता फोरम, उत्पाद अधीक्षक, होमगार्ड समादेष्टा, सूचना भवन, नागरिक सुरक्षा और लोक शिकायत निवारण कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण दफ्तर संचालित होते हैं. लेकिन जलजमाव के कारण न सिर्फ कर्मियों को परेशानी हो रही है, बल्कि आम लोगों को भी अपने कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.

सूत्रों के अनुसार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव ने नगर आयुक्त को जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए कहा है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी है. नगर निगम की ओर से किए जा रहे प्रयास भी फिलहाल नाकाफी साबित हो रहे हैं.

इधर, शहर के कई मोहल्लों में भी बारिश का पानी घरों में घुस गया है, जिससे लोग परेशान हैं. अनुमान के मुताबिक, शहर की करीब तीन लाख की आबादी इस जलजमाव और बारिश की समस्या से प्रभावित हुई है.

बारिश और जलजमाव का असर स्थानीय बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है, जहां ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है और व्यापार प्रभावित हुआ है. लगातार बारिश से स्थिति और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >