कटिहार से नीरज की रिपोर्ट
Katihar Railway Wire Theft: डीजल लोको से रेलवे के तार की चोरी के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे यार्ड में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से रेलवे का चोरी किया गया तार भी बरामद किया गया है.
रेलवे यार्ड में आरपीएफ की छापेमारी
जानकारी के अनुसार आरपीएफ ईस्ट कार्यालय प्रभारी विक्रम सिंह के निर्देश पर एलएसआई सारिका कुमार के नेतृत्व में रेलवे यार्ड में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान लोकल डीजल इंजन से चोरी किए गए रेलवे के तार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
आरपीएफ ईस्ट कार्यालय प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अररिया जिले के जोगबनी थाना क्षेत्र स्थित खजूरबाड़ी महेश्वरी चौक निवासी गणेश नाथ (पिता- स्व. परमेश्वर नाथ) के रूप में हुई है. आरोपी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 17/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
चोरी की घटनाओं पर आरपीएफ की नजर
आरपीएफ ने कहा कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है. चोरी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा.
