Katihar News: कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पहाड़पुर की छात्रा आफिया प्रवीण ने राज्य स्तर पर शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा की नई मिसाल पेश की है. आफिया ने एससीईआरटी पटना में आयोजित राज्य स्तरीय पीबीएल मेला मैथ पार्क प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया.
उनकी इस उपलब्धि की खबर गांव पहुंचते ही विद्यालय, पंचायत और पूरे प्रखंड में खुशी का माहौल बन गया. शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने इसे अमदाबाद के लिए गर्व का क्षण बताया.
जिला से राज्य स्तर तक लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन
आफिया प्रवीण की सफलता एक दिन की उपलब्धि नहीं है. उन्होंने पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाई थी. एससीईआरटी पटना में आयोजित अंतिम चरण में उन्होंने अपने विज्ञान मॉडल और प्रस्तुतीकरण से निर्णायकों को प्रभावित किया और द्वितीय स्थान हासिल किया.
विद्यालय प्रशासन के अनुसार आफिया ने पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया था. उनकी सफलता यह दिखाती है कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी उचित मार्गदर्शन और मेहनत के बल पर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
विद्यालय में हुआ सम्मान समारोह
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में उत्क्रमित मध्य विद्यालय पहाड़पुर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया. समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी रणवीर कुमार, अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम, मुखिया तारिक अनवर सहित कई जनप्रतिनिधि और शिक्षक मौजूद रहे.
बीडीओ रणवीर कुमार ने आफिया प्रवीण को सामान्य ज्ञान की पुस्तक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया. उन्होंने छात्रा की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहन मिलना चाहिए. उन्होंने न्यू एशियन स्कूल में आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के माध्यम से आगे की पढ़ाई और प्रतिस्पर्धी माहौल में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया.
पढ़ाई और अनुशासन में हमेशा रही अव्वल
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. वसीम रजा ने बताया कि आफिया प्रवीण पढ़ाई, अनुशासन और व्यवहार तीनों में हमेशा उत्कृष्ट रही है. उन्होंने कहा कि विद्यालय के लिए यह गर्व की बात है कि उनकी छात्रा ने राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का सम्मान बढ़ाया है.
समारोह के दौरान शिक्षक ब्रजेश कुमार, शिवानी गुप्ता, वहीद नवाज, सहाबुल इस्लाम, सिनु कुमार सिंह, पंकज यादव, इजहार आलम, ममता गुप्ता, किशोर कुमार, मोहिब्बुल इस्लाम, महेश रविदास और राजाराम साह सहित अन्य शिक्षकों ने भी आफिया को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
Katihar News: दूसरे छात्रों के लिए बनी प्रेरणा
मुखिया तारिक अनवर ने कहा कि आफिया प्रवीण की सफलता से गांव और आसपास के अन्य छात्र-छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी. उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और अवसर मिले तो ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं.
आफिया की सफलता ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती. मेहनत, अनुशासन और सही दिशा मिलने पर छोटे गांवों के विद्यार्थी भी बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ
